5 Dariya News

राहुल गांधी विवादों की आंधी बन चुके हैं, देश के साथ कर रहे विश्वासघात : अनुराग ठाकुर

5 Dariya News

नई दिल्ली 06-Mar-2023

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा है कि वे विवादों की आंधी बन चुके हैं और विदेशी दोस्त या विदेशी एजेंसियों या विदेशी चैनल या फिर विदेशी धरती का दुरुपयोग कर भारत को बदनाम करना उनकी आदत बन चुकी है। 

ठाकुर ने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए राहुल गांधी ने सुनियोजित तरीके से विदेशी धरती से भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है। उनकी भाषा, विचार और कार्यशैली सब कुछ संदिग्ध सा लग रहा है और ये कोई पहली बार नहीं हो रहा है। 

राहुल गांधी पर सेना का अपमान और भारत के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि हमारे सेना के जवान शहीद हुए और राहुल गांधी कह रहे हैं कि कार बम में कुछ लोग मर गए, भारतीय सेना को लेकर यह राहुल गांधी की सोच है।

राहुल गांधी के बयान की निंदा करते हुए ठाकुर ने कहा कि भारत के मसले को संयुक्त राष्ट्र में ले जाने वाली कांग्रेस और राहुल गांधी अभी भी गुलामी की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कमजोर हो सकती है लेकिन भारत कमजोर नहीं है कि वो अमेरिका को हस्तक्षेप करने को कहे। 

भारत के लोग, भारतीय लोकतंत्र और भारतीय सेना भी मजबूत है और भारत के पास ताकतवर और दूर²ष्टि रखने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व भी है जिस पर पूरी दुनिया को भरोसा है। राहुल गांधी को देश के साथ विश्वासघात नहीं करने की नसीहत देते हुए अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि विदेश नीति पर आक्षेप उनकी निम्न बौद्धिक स्तर का परिचायक है। वे स्वयं भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर हैं इसलिए संवैधानिक संस्थाओं से उनका भरोसा उठ गया है और वे लगातार झूठ बोल रहे हैं।