5 Dariya News

भाजपा, कांग्रेस, जेडीएस सब चोर, इन्हें बाहर निकालो - भगवंत मान

भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए एक बार झाड़ू चलाना पड़ेगा - भगवंत मान

5 Dariya News

कर्नाटक 04-Mar-2023

कर्नाटक में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा कांग्रेस और जेडीएस ने बहुत भ्रष्टाचार किए। इन लोगों ने जनता के पैसे से अपने घर भरे।उन्होंने लोगों से आम आदमी पार्टी का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए एक बार झाड़ू चलाना पड़ेगा और आम आदमी पार्टी को मौका देना होगा। 

विपक्षी पार्टियों पर तीखा हमला बोलते हुए मान ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस और जेडीएस सब चोर हैं, इन्हें सत्ता से बाहर निकालो।मान ने अपनी सरकार के काम गिनाते हुए कहा कि पंजाब में हमने एक साल के भीतर 27 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी और करीब 28 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्के किए। 

इसके अलावा हमने ओल्ड पेंशन स्कीम भी लागू किए। पंजाब में हमने किसानों के लिए भी काफी काम किए। गन्ना किसानों की सुविधा के लिए हमने गन्ना की कीमत ₹380 प्रति क्विंटल कर दिया। वहीं, पिछली सरकारें काफी कम पैसा देती थी और समय पर भी नहीं देती थी।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में किसान आत्महत्या कर रहे हैं और नौजवान बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं।  लेकिन, कर्नाटक की भाजपा सरकार को इनकी कोई परवाह नहीं है।" मान ने लोगों को भरोसा दिया कि आम आदमी पार्टी किसानों की समस्याओं का समाधान करेगी। हम राज्य में स्वच्छ और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार लाएंगे। मुफ्त बिजली देने, बेरोजगारी दूर करने और उद्योगों की स्थापना के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

मान ने कहा कि हमें अपने हमारे पुरखों की शहीदी को व्यर्थ नहीं जाने देना है। हमारे पुरखों ने देश की आजादी के लिए अपनी शहादतें दी है। इस आजादी को हम एक- दो परिवारों के हाथ में सौंपने नहीं देंगे। यह देश किसी के बाप की जागीर नहीं है। यह 135 करोड़ लोगों का देश है।

कर्नाटक में 40 फीसदी कमीशन वाली सरकार - अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा को उखाड़ फेंकेगी।केजरीवाल ने सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कर्नाटक में 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार है। इसे उखाड़ फेंकने की जरूरत है। 

उन्होंने कहा कि सभी लोग जानते हैं कि हमने दिल्ली में क्या-क्या काम किए हैं। हमारा उद्देश्य राज्य में ईमानदार और स्वच्छ सरकार प्रदान करना है।उन्होंने कहा कि कर्नाटक के ठेकेदार एसोसिएशन प्रधानमंत्री मोदी को दो साल से चिट्ठी लिख रहा है कि हम से 40 फीसदी कमीशन मांगी जा रही है। 

लेकिन मोदी जी का आज तक कोई जवाब नहीं आया न ही आज तक कमीशन मांगने वालों पर कोई कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में घूसखोरी और कमीशनखोरी चरम पर है। हम इसे रोकेंगे और कर्नाटक में ईमानदार सरकार की स्थापना करेंगे।