5 Dariya News

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में मत्था टेका

तृप्ति भोजनालय और प्रसाद केंद्र का उद्घाटन किया

5 Dariya News

कटरा 20-Feb-2023

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री माता वैष्णो देवी जी के पवित्र तीर्थस्थल का दौरा किया और गर्भगृह में मत्था टेका। महामंडलेश्वर श्री स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरिजी महाराज और बोर्ड के अन्य सदस्यों के साथ उपराज्यपाल ने सभी के लिए शांति, सुख एवं समृद्धि की प्रार्थना की।

उपराज्यपाल ने अपनी यात्रा के दौरान, पवित्र मंदिर में तृप्ति भोजनालय और प्रसाद केंद्र सह स्मारिका दुकान का उद्घाटन किया। उपराज्यपाल ने कहा कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड तीर्थयात्रियों को तीर्थ यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं प्रदान करने हेतु पूरी तरह से समर्पित है। 

उन्होंने कहा कि पिछले 3 वर्षों में, हमने नया बुनियादी ढांचा विकसित किया है और परेशानी मुक्त तीर्थ यात्रा के लिए आरएफआईडी, सीसीटीवी, नया पंजीकरण काउंटर जैसी कई नई पहल शुरू की गई हैं। उपराज्यपाल ने कहा कि आगामी दुर्गा भवन और स्काईवॉक, और हाल ही में स्वीकृत एकीकृत डिजिटल समाधान इस आध्यात्मिक यात्रा को भक्तों के लिए अधिक सुविधाजनक, व्यवस्थित और यादगार बना देगा।

उपराज्यपाल, जो श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं, ने दुर्गा भवन और अन्य सुविधाओं के चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया। उपराज्यपाल ने कहा कि एसएमवीडीएसबी ने कटरा के पास शंकराचार्य मंदिर को विकसित करने का निर्णय लिया है। 

इस साल नवरात्रि पर्व से पहले दुर्गा भवन भक्तों को समर्पित हो जाएगा। यह भवन के पास प्रति दिन 3000 तीर्थयात्रियों को आवास प्रदान करेगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, अंशुल गर्ग ने उपराज्यपाल को चल रही परियोजनाओं और तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं के उन्नयन और विस्तार हेतु बोर्ड के प्रयासों के बारे में जानकारी दी।