वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा राज्य सरकार के विभागों के साथ प्री-बजट मीटिंग
5 Dariya News
चंडीगढ़ 15-Feb-2023
पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट अनुमानों को अंतिम रूप देने के लिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ प्री-बजट बैठकों की शुरुआत की।वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अपने कार्यालय में बैठकों के दौरान विभिन्न विभागों के सचिवों और अधिकारियों के साथ सम्बन्धित विभागों की बजट सम्बन्धी ज़रूरतों संबंधी विचार-विमर्श किया।
इन बैठकों के दौरान अधिकारियों ने वित्त मंत्री को सम्बन्धित विभागों की चालू वर्ष की उपलब्धियाँ और वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए निर्धारित लक्ष्यों संबंधी अवगत करवाया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के अधीन लाभार्थियों की संख्या के साथ-साथ अगले वित्तीय वर्ष के दौरान संभावित वृद्धि संबंधी भी जानकारी साझा की।
इस दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित नई योजनाओं के अनुसार बजट के प्रबंधों की योजना बनाने के लिए विस्तार में चर्चा की गई।आज जिन प्रमुख विभागों के साथ वित्त मंत्री द्वारा बैठकें की गईं उनमें उच्च शिक्षा एवं भाषाएँ, स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सहकारिता, गृह मामले और न्याय, कराधान, ऊर्जा एवं आबकारी शामिल थे।