5 Dariya News

बीबीसी के दफ्तरों में आई-टी 'सर्वे' पर ममता बनर्जी बोलीं- केंद्र हिटलर, चाउसेस्कु से अधिक निरंकुश है

5 Dariya News

कोलकाता 15-Feb-2023

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को बीबीसी के मुंबई और दिल्ली स्थित कार्यालय में किए गए आयकर सर्वेक्षण को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और केंद्र को एडोल्फ हिटलर या निकोले चाउसेस्कु से भी अधिक निरंकुश करार दिया। वित्त राज्यमंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने 2023-24 के लिए राज्य का बजट पेश किया। 

उसके बाद मुख्यमंत्री ने विधानसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीबीसी कार्यालयों में आयकर 'सर्वे' कराए जाने का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा, "इस समय की निरंकुशता हिटलर या चाउसेस्कु की तुलना में अधिक खतरनाक है। बीबीसी ने हमेशा सही और अद्यतन जानकारी दी है। 

तो, उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई क्यों हो रही है? बीबीसी ने कुछ ऐसा प्रसारित किया है, जो मौजूदा केंद्र सरकार के खिलाफ गया है। इसलिए यह कार्रवाई बदले की भावना से की गई है। प्रेस की स्वतंत्रता को दबाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं हमेशा प्रेस की स्वतंत्रता के पक्ष में हूं। 

केवल न्यायपालिका ही अब इस देश को बचा सकती है।"हालांकि, विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य का बजट पेश किए जाने के बाद सदन पटल पर राजनीतिक भाषण देने के लिए मुख्यमंत्री की आलोचना की। अधिकारी ने कहा, "परंपरा के अनुसार, वित्तमंत्री द्वारा बजट पेश किए जाने के बाद उस दिन कोई और नहीं बोलता। 

उन्होंने (ममता) इस परंपरा का उल्लंघन किया है।"माकपा नेता सुजान चक्रवर्ती ने कहा कि जहां मुख्यमंत्री दावा कर रही हैं कि केवल न्यायपालिका ही देश को बचा सकती है, वहीं पश्चिम बंगाल में उनकी अपनी पार्टी न्यायपालिका की आवाज को चुप कराने की कोशिश कर रही है।