5 Dariya News

मुंबई की झुग्गी में लगी आग में 12 साल के बच्चे की मौत

5 Dariya News

मुंबई 13-Feb-2023

मुंबई के पूर्व मलाड उपनगर में सोमवार सुबह करीब 50 से 100 झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। इस आग में झुलसकर एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई। बीएमसी आपदा नियंत्रण ने यह जानकारी दी। कुरार गांव के जमरीशी नगर में सुबह 11 बजे आग लगने की सूचना मिली और यह तेजी से अन्य झुग्गियों में फैल गई। 

आग पर काबू पाने के लिए कम से कम पांच दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कूलिंग ऑपरेशन के दौरान इसे और फैलने से रोका। एक 12 वर्षीय लड़का प्रेम तुकाराम बोर एक जली हुई झोपड़ी से मिला। लड़के को कांदिवली में बीएमसी के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और हताहतों के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।