5 Dariya News

माकपा, कांग्रेस को वोट देने से त्रिपुरा में हिंसा की वापसी होगी : अमित शाह

5 Dariya News

अगरतला 06-Feb-2023

केंद्रीय गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने सोमवार को कहा कि 16 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में माकपा और कांग्रेस को वोट देने से त्रिपुरा में आतंकवाद और हिंसा की वापसी होगी। दक्षिणी त्रिपुरा के सतीर बाजार और पश्चिमी त्रिपुरा के खोवाई में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस और वाम दलों के शासन के दौरान भ्रष्टाचार, उग्रवाद, हिंसा, गरीबी और कुशासन ने लोगों के जीवन को तबाह कर दिया। 

उन्होंने कहा, "यदि आप माकपा को वोट देते हैं, तो यह कांग्रेस को भी मदद करेगा या यदि आप कांग्रेस को वोट देते हैं, तो यह माकपा को जाएगा। यदि आप माकपा या कांग्रेस को वोट देते हैं, तो यह टिपरा मोथा पार्टी को जाएगा। ये सभी पार्टियां केवल त्रिपुरा के भविष्य को बर्बाद करने के लिए एक-दूसरे की मदद कर रही हैं।"

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वाम शासन के दौरान शिक्षा और ग्रामीण विकास विभागों में भ्रष्टाचार के कुछ मामलों का जिक्र करते हुए माकपा के नेतृत्व वाले वाम मोर्चा के 25 वर्षो (1993 से 2018) के शासन के दौरान भ्रष्टाचार और कुशासन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने तत्कालीन शाही परिवार का सम्मान किया था और अगरतला हवाईअड्डे का नाम बदलकर त्रिपुरा के वास्तुकार वीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर के नाम पर रखा था। 

शाह ने कहा, "दुर्भाग्य से टिपरा मोथा पार्टी के नेता निर्दोष आदिवासियों को गुमराह करके कम्युनिस्ट शासन वापस लाना चाहते हैं। उन्होंने भाजपा को हराने के लिए कम्युनिस्टों के साथ एक निष्क्रिय समझ बनाई है।"उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पांच साल के शासन ने वाम दलों के 'कैडर राज' को समाप्त कर दिया और त्रिपुरा में 'संविधान राज' की स्थापना की। 

भाजपा सरकार के प्रदर्शन पर प्रकाश डालते हुए शाह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में 50 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए आरक्षण 33 प्रतिशत सुनिश्चित किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उग्रवादी संगठन नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा के साथ शांति संधियों पर हस्ताक्षर किए और त्रिपुरा में 37,000 रियांग आदिवासियों को घर मुहैया कराया। 

शाह ने कहा कि त्रिपुरा सरकार विकास नीतियों के साथ आगे बढ़ रही है और अगर भाजपा फिर से सत्ता में आती है तो इसे जारी रखेगी। गृहमंत्री ने अगरतला में एक रोड शो में भी शिरकत की।