5 Dariya News

गणतंत्र दिवस 2023: एम ए स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल हुई

मंडलायुक्त ने परेड का निरीक्षण किया, सलामी ली

5 Dariya News

जम्मू 24-Jan-2023

गणतंत्र दिवस 2023 के जश्न के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल मंगलवार को एम.ए स्टेडियम जम्मू में देशभक्ति के जोश और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। सेना, सीआरपीएफ, जेकेपी, एसएसबी, एनसीसी कैडेट और स्कूली छात्रों की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।

मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। जम्मू-कश्मीर कला संस्कृति और भाषा अकादमी के स्कूली बच्चों और कलाकारों ने थीम आधारित प्रस्तुतियों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जम्मू-कश्मीर पुलिस के डेयर डेविल्स ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों का मन मोह लिया।

जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के एथलीटों ने भी जिमनास्टिक का शानदार प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जम्मू कश्मीर की समग्र संस्कृति, समाज के कमजोर वर्गों की सामाजिक और आर्थिक मुक्ति के लिए सरकार की पहल को दर्शाया गया। 

इसमें देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां, लोक संगीत और नृत्य भी शामिल थे। समाज कल्याण विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, जम्मू-कश्मीर ग्रामीण आजीविका मिशन (उम्मीद) ने भी अपनी उपलब्धियों और पहलों को दर्शाते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह, उपायुक्त जम्मू अवनी लवासा, संयुक्त निदेशक सूचना सपना कोतवाल के अलावा विभागाध्यक्ष व अन्य नागरिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।