5 Dariya News

कंबोडिया के होटल और कसीनो में आग लगने से 10 की मौत

5 Dariya News

कंबोडिया 29-Dec-2022

कंबोडिया के बंतेय मीनचे प्रांत में एक होटल और कसीनो में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और करीब 30 अन्य घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को यह जानकारी दी। डिप्टी नेशनल पुलिस प्रमुख और प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल शै किम खोउन ने शिन्हुआ समाचार एजेंसी को बताया, "यह प्रारंभिक जानकारी है क्योंकि हमारा बचाव अभियान अभी तक पूरा नहीं हुआ है।"

फायर प्रिवेंशन एंड रेस्क्यू पुलिस डिपार्टमेंट के मुताबिक, पोइपेट सिटी के ग्रैंड डायमंड सिटी होटल और कसीनो में बुधवार आधी रात को आग लग गई। फायर प्रिवेंशन एंड रेस्क्यू पुलिस डिपार्टमेंट के फेसबुक पेज पर पोस्ट किए गए एक फुटेज में आग से बचने के लिए कुछ लोगों को नीचे कूदते हुए दिखाया गया है, जबकि कुछ अन्य ऊंची मंजिलों पर फंसे हुए हैं।

विभाग ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, क्योंकि बचाव अभियान अभी भी जारी है। गुरुवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजे तक आग पूरी तरह से बुझ नहीं पाई थी। पुलिस के मुताबिक, होटल और कसीनो में 400 से ज्यादा लोग काम करते थे।