5 Dariya News

सड़क हादसे में भारतीय सेना के सोलह जांबाज जवानों की मौत - सेना

5 Dariya News

नई दिल्ली 23-Dec-2022

उत्तरी सिक्किम में हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के सोलह जांबाज शहीद हो गए हैं। भारतीय सेना ने बताया कि उत्तरी सिक्किम के जेमा में शुक्रवार, 23 दिसंबर को सेना का एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस सड़क हादसे में अभी तक सोलह जवानों की मौत हो चुकी है। 

सेना का दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो सिक्किम में शुक्रवार सुबह, चट्टन से थंगू की ओर बढ़ा था। भारतीय सेना ने कहा कि जेमा के रास्ते में, एक तीव्र मोड़ पर मोड़ काटते समय सेना का यह वाहन एक ढलान पर फिसल गया। सेना के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। 

बचाव अभियान के दौरान चार घायल जवानों को एअरलिफ्ट करके हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाया गया है। भारतीय सेना ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए कहा कि दुर्भाग्य से, तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। 

रक्षा मंत्रालय और सेना के अधिकारियों ने कहा कि भारतीय सेना इस नुकसान की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। वहीं इस दुखद हादसे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। 

राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए गहराई से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना।पीड़ित परिवारों के लिए मेरी संवेदनाएं। मेरी प्रार्थना है कि जो लोग घायल हुए हैं, वे शीघ्र स्वस्थ हों। इस साल जून की शुरूआत में भारतीय सेना की पहली बटालियन सिक्किम स्काउट्स के दो सेना जवानों की पूर्वी सिक्किम के जुलुक में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। 

इन दोनों जवानों की पहचान दक्षिण सिक्किम के यांगंग के लांस नायक मनोज छेत्री और पश्चिम बंगाल के मिरिक के नाइक सूबेदार सोम बहादुर सुब्बा के रूप में हुई थी। दोनों अधिकारी जुलुक में मोड़ के आसपास काम कर रहे मजदूरों को वापस लाने के लिए आ रहे थे।

आशंका जताई जा रही है कि पूर्वी सिक्किम में ऊंचाई वाले इलाके में घने कोहरे की वजह से यह हादसा हुआ था। मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी करीब 300 फीट नीचे जा गिरी थी।  वहीं पिछले साल जून 2021 में इसी तरह की एक अन्य घटना में सेना के तीन और जवान शहीद हो गए थे और तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 

यह हादसा तब हुआ जब सेना के जवानों का ट्रक पूर्वी सिक्किम में खाई में गिर गया। एक अधिकारी ने कहा कि यह दुर्घटना गंगटोक को त्सोमगो झील और नाथुला से भारत-चीन सीमा के पास जोड़ने वाले न्यू जवाहर लाल नेहरू रोड पर 6 माइल पर हुई थी।