5 Dariya News

एमसीडी में 'आप' की जीत पर भगवंत मान बोले -आज जनता जीती, नेता हारे

दिल्ली की तरह गुजरात के भी नतीजे चौंकाने वाले होंगे : मान

5 Dariya News

दिल्ली 07-Dec-2022

दिल्ली नगर निगम(एमसीडी) चुनाव में आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली में आज जनता की जीत हुई है और नेताओं की हार हुई है। मान ने कहा कि दिल्ली देश का दिल है। आम आदमी पार्टी ने आज दिल्ली और दिल दोनों जीत लिया है।

जीत के बाद दिल्ली 'आप' मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि इस बार 'आप' सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी ठीक करने और दिल्ली को स्वच्छ बनाने के लिए लोगों से मौका मांगा था। लोगों ने केजरीवाल पर भरोसा करके आज एमसीडी आम आदमी पार्टी को सौंप दिया है। 

अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी एमसीडी के कचरे को पूरी तरह साफ करेगी।गुजरात चुनाव पर मान ने कहा कि गुजरात में कल चमत्कार होगा। दिल्ली की तरह ही गुजरात के भी नतीजे चौंकने वाले होंगे। गुजरात चुनाव के भी नतीजे आम आदमी पार्टी के पक्ष में आएंगे।