5 Dariya News

दिल्ली के लोगों को एक निर्णायक, ईमानदार और विकास से प्रेरित नेतृत्व चाहिए, वे भाजपा को चुनेंगे : पीयूष गोयल

5 Dariya News

नई दिल्ली 28-Nov-2022

भारतीय जनता पार्टी का नगर निगम चुनाव प्रचार आज और तेज हुआ। छह केंद्रीय मंत्रियों और दो मुख्यमंत्रियों के साथ पार्टी के दो राष्ट्रीय महामंत्री और अनेक सांसद एवं विधायक पार्टी के प्रचार के लिए लोगों के बीच गए। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद रवि किशन आदि ने आज जनता के बीच जाकर प्रचार किया।

केंद्रीय मंत्री श्री पीयूष गोयल ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने गत तीन बार नगर निगम में भाजपा को विजयी बनाया है और हमें सेवा करने का मौका दिया है। दिल्लीवालों ने भी देखा है कि किस तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की दिशा और दशा सुधारने का काम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है, ये पीछे नहीं रह सकती। इसलिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों को पराजय देकर सबक सिखाना है कि दिल्ली के लोग अब भ्रष्टाचार सहन नहीं करेंगे। दिल्ली के लोगों को एक निर्णायक, ईमानदार और विकास से प्रेरित नेतृत्व चाहिए, इसलिए वे भाजपा को चुनेंगे।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शास्त्रीनगर, शालीमार बाग और रोहिणी में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं जिसे केजरीवाल ने ठगा नहीं। अपने गुरु को धोखा दिया, बच्चों की झूठी कसमें खा गए, कुमार विश्वास जैसे मित्रों को धोखा दिया वे जनता के क्या होंगे। 

उन्होंने कहा कि भाजपा मुफ्त की बात नहीं बल्कि गरीबों की बात करती है और हमारा संकल्प है कि दिल्ली के अंदर 2027 तक कोई भी झुग्गी नहीं दिखाई देगी क्योंकि सभी झुग्गीवासियों को हमने पक्के मकान देने का संकल्प किया है। सांसद रवि किशन ने कर्मपुरा, नारायणा, मोतीनगर, इंदरपुरी एवं रमेश नगर में जन सभाओं को संबोधित किया। 

लोगों का उनके प्रति उत्साह देखते ही बनता था और उन्होंने मोदी-मोदी के नारे लगवाकर स्थानीय लोगों को खासकर पूर्वांचल समाज से जुड़े लोगों को भाजपा को जीताने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कर्मपुरा की सभा में कहा कि आज यहां हजारों पूर्वांचलवासियों की उपस्थिति दर्शा रही है कि कोविड काल में दिल्ली भाजपा द्वारा दी गई सेवा से प्रभावित हो पूर्वांचलवासी निगम चुनाव में भाजपा को सफल बनाएंगे।

इस मौके पर नारायणा वार्ड से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी उमंग बजाज ने कहा केजरीवाल सरकार द्वारा प्रदूषण को कम करने का कोई कदम ना उठाना और कोरोना कॉल में लोगों की मदद ना करने की वजह से नारायणा वार्ड की जनता भी केजरीवाल और उनकी सरकार से नाराज है. लोग भारतीय जनता पार्टी की सरकार चाहते हैं।