5 Dariya News

ग्लेन फिलिप्स का शतक, न्यूजीलैंड का चुनौतीपूर्ण स्कोर

5 Dariya News

सिडनी 29-Oct-2022

मध्य क्रम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स (104) के शानदार शतक के दम पर न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप एक मुकाबले में शनिवार को 20 ओवर में सात विकेट पर 167 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की शुरूआत खराब रही और उसने 15 रन तक तीन विकेट गंवा दिए। 

लेकिन फिलिप्स ने फिर डैरिल मिचेल (22) के साथ पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की। फिलिप्स 64 गेंदों में 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से 104 रन बनाने के बाद पारी के आखिरी ओवर में आउट हुए लेकिन तब तक वह टीम को 162 रन तक पहुंचा चुके थे। 

फिलिप्स का यह दूसरा टी20 शतक था। मिचेल सैंटनर 11 रन पर नाबाद रहे। श्रीलंका की तरफ से कसुन रजिता ने 23 रन पर दो विकेट लिए। इस पारी को फिलिप्स के शतक के लिए याद रखा जाए या श्रीलंका की मिसफील्डिंग के लिए। पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय न्यूजीलैंड को भारी पड़ता नजर आ रहा था। 

शीर्ष क्रम धराशाई हो गया था और पारी बीच मझधार में थी। हालांकि पथुम निसंका ने फिलिप्स का कैच टपकाया जिसके बाद उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया। मैदान के चारों तरफ बड़े शॉट लगाते हुए उन्होंने श्रीलंका को गलती का खामियाजा भुगतने पर मजबूर किया और न्यूजीलैंड को 167 के स्कोर तक पहुंचाया। पिच पर गेंदबाजों के लिए मदद है और 168 रनों का लक्ष्य हासिल करना इतना आसान नहीं होगा।