5 Dariya News

वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा में एक बार फिर अपने सियासी कद का अहसास करवाया

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

कांगड़ा 15-Oct-2012

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा में एक बार फिर अपने सियासी कद का अहसास करवा दिया है। अपने चहेतों को बचाकर वीरभद्र ने संदेश दिया है कि कांग्रेस में उनके बिना किसी तरह का फैसला नहीं हो सकता है। दूसरे धड़े की लाख कोशिश के बावजूद वीरभद्र अपने सिपहसालार विधायक सुधीर शर्मा और ज्वालामुखी से प्रत्याशी संजय रतन की टिकट बचाने में कामयाब रहे हैं। टिकट कटने के बाद तीन दिन तक सब्र धरे सुधीर और संजय रतन खेमे में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। इसके साथ ही कांगड़ा कांग्रेस में टिकट की उहापोह अब पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। राष्ट्रीय महासचिव आस्कर फर्नांडीस की चि_ी एक बार कांगड़ा में चरचा में आ गई। ठीक तीन दिन पहले आस्कर फार्नांडीस द्वारा जारी अधिसूचना ने कांगड़ा की राजनीति में हलचल मचा दी थी लेकिन अब एक बार फिर जारी हुई संशोधित सूची में सुधीर और संजय रतन की वापसी ने खलबली पैदा कर दी। हालांकि पिछले एक सप्ताह से कांग्रेस की टिकटों पर बनी असमंजस की स्थिति पर भाजपा ने खूब चुटकी ली। अब देखना यह है कि कांग्रेस की टिकट पर सुधीर और संजय रतन भाजपा के दोनों प्रमुख गढ़ों को भेद पाते हैं या नहीं।