5 Dariya News

36 वें राष्ट्रीय खेल : पंजाब की तैराक चाहत अरोड़ा ने दो नये नेशनल रिकॉर्ड के साथ दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीते

जूडो में अवतार सिंह और साईकलिंग में हर्षवीर सिंह ने जीते स्वर्ण पदक, पंजाब ने अब तक 17 स्वर्ण, 27 रजत और 22 काँस्य पदकों के साथ कुल 66 पदक जीते

5 Dariya News

चंडीगढ़ 09-Oct-2022

गुजरात में चल रहे 36वें राष्ट्रीय खेल में पंजाब की तैराक चाहत अरोड़ा ने दो नये नेशनल रिकॉर्डों के साथ दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर तैराकी खेल में पंजाब को राष्ट्रीय खेल के नक्शे पर उभारा है। जूडो और साईकलिंग में 1-1 स्वर्ण पदक के साथ जूडो में पाँच रजत पदक जीते हैं। राष्ट्रीय खेल में पंजाब ने अब तक 17 स्वर्ण, 27 रजत और 22 काँस्य पदकों के साथ कुल 66 पदक जीते हैं।  

खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने चाहत अरोड़ा को बधाई देते हुए कहा कि चाहत अरोड़ा की स्वर्णिम उपलब्धि के साथ पंजाब में तैराकी के खेल को बहुत प्रोत्साहन मिलेगा। इससे नए जमाने के तैराकों को प्रेरणा मिलेगी। खेल मंत्री ने अन्य विजेताओं को भी मुबारकबाद दी।  

चाहत ने 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक और 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक दोनों वर्गों में नये नेशनल रिकॉर्ड बनाते हुए दो स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके अलावा 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में रजत पदक जीते। इसके साथ ही चाहत को दिसंबर में मेलबर्न में होने वाली वल्र्ड स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए भी चुना गया है।

इसके अलावा जूडो में पंजाब ने एक स्वर्ण और पाँच रजत पदक जीते। अवतार सिंह ने 100 किलो से कम वर्ग में स्वर्ण और रणजीता, कंवरप्रीत कौर, रवनीत कौर, सोनम और हर्षप्रीत सिंह ने रजत पदक जीते। इसी तरह साईकलिंग में पंजाब के हर्षवीर सिंह ने 120 किलोमीटर रोड रेस में स्वर्ण पदक जीता।