5 Dariya News

1st T20 : भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 106 रनों पर रोका, अर्शदीप सिंह ने चटकाए तीन विकेट

5 Dariya News

तिरुवनंतपुरम 28-Sep-2022

अर्शदीप सिंह (3/32) और दीपक चाहर (2/24) की घातक गेंदबाजी की वजह से यहां ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में बुधवार को तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 20 ओवरों में 106/8 रन पर रोक दिया, जिसके कारण भारत को 107 रनों का छोटा लक्ष्य मिला। 

टीम की ओर से केशव महाराज (41) और एडेन मार्करम (25) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। भारत की आरे से हर्षल पटेल ने दो और अक्षर पटेल ने एक विकेट लेकर योगदान दिया। इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम की शुरुआत बेहद खराब रही, क्योंकि चाहर और अर्शदीप की आंधी में आधी टीम महज 9 रनों पर वापस पवेलियन लौट गई। 

इस दौरान, कप्तान टेम्बा बावुमा (0), क्विंटन डी कॉक (1), रिले रोसौव (0), डेविड मिलर (0) और ट्रिस्टन स्टब्स (0) जल्द ही चलते बने। हालांकि दूसरे छोर पर मौजूद एडेन मार्करम कुछ अच्छे शॉट खेलकर टीम को पावरप्ले में 30/5 पर ले जाने में कामयाब रहे। वहीं, वेन पार्नेल मार्करम का साथ देते नजर आएं।

इस बीच, आठवें ओवर में मार्करम तीन चौके और एक छक्के की मदद से 24 गेंदों में 25 रन बनाकर हर्षल के शिकार बन गए, जिससे उनके और पार्नेल के बीच 33 गेंदों में 33 रनों की साझेदारी का अंत हो गया। इसके बाद, पार्नेल और केशव महाराज ने धर्य से खेलते हुए 12 ओवर में टीम को छह विकेट खोने के बाद 50 के पार पहुंचाया। 

दोनों कुछ अच्छे शॉट खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक ले जाने की कोशिश की, लेकिन 16वें ओवर में अक्षर ने पार्नेल (24) को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को 68 रन पर सातवां झटका दिया। 19वें ओवर में महाराज ने ताबड़तोड़ शॉट खेलते हुए अर्शदीप के ओवर में 17 रन बटोर लिए। 

20वें ओवर में हर्षल की गेंद पर महाराज पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 35 गेंदों में 41 रन बनाकर बोल्ड हो गए, जिससे दक्षिण अफ्रीका ने आठ विकेट खोकर 106 रन बनाए। कगिसो रबाडा (7) और एनरिक नॉर्टजे (2) नाबाद रहे। अब भारत को जीतने के लिए 107 रनों की आवश्यकता होगी।