5 Dariya News

हिन्नमनोर तूफान के बाद दक्षिण कोरिया में 2 की मौत, 10 लापता

5 Dariya News

सियोल 06-Sep-2022

दक्षिण कोरिया में हिन्नामनोर तूफान के चलते दो लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य का कोई पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल का 11वां आंधी-तूफान था जो मुख्य रूप से देश के दक्षिणपूर्वी इलाकों से होकर गुजरा, जहां सबसे ज्यादा लोगों के हताहत होने की खबर है।

तूफान मंगलवार तड़के दक्षिणपूर्वी क्षेत्र से बाहर चला गया। राजधानी सोल से लगभग 270 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में पोहांग में 70 साल की एक महिला की मौत हो गई, जब वह पानी में बह गई। पोहांग में, अंडरग्राउंड पाकिर्ंग में कार हटाने गए आठ लोग लापता हो गए, जबकि एक अन्य व्यक्ति का भी पता नहीं चल पाया, जो तेज बहाव में बह गया।

सोल से लगभग 280 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में ग्योंगजू में 80 साल की एक और महिला की मौत हो गई। वो मिट्टी के मलबे में दब कर मर गई। सोल से लगभग 310 किमी दक्षिण पूर्व उल्सान में एक 25 वर्षीय व्यक्ति नाले में गिरकर लापता हो गया। सोल से लगभग 30 किमी दक्षिण पश्चिम सिहुंग में एक गिरते साइनबोर्ड की चपेट में आने से एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

देश भर में आठ व्यावसायिक इमारतों और 71 घरों में पानी भर गया, जबकि चार घर नष्ट हो गए। आठ भूस्खलन की सूचना मिली, और 200 से अधिक सार्वजनिक सुविधाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। तूफान के बाद मछली पकड़ने वाली पांच नौकाएं डूब गईं और 1,320 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई। 66,000 से अधिक घरों में बिजली गुल हो गई, जबकि 2,900 से अधिक लोग, जो ज्यादातर दक्षिणपूर्वी क्षेत्र में रह रहे थे, अस्थायी रूप से खाली करा लिए गए।122 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर कुल 183 जहाजों ने नौकायन बंद कर दिया, और 251 उड़ानें कथित तौर पर रद्द कर दी गईं।