5 Dariya News

नगर निकाय चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी को मिली बड़ी मजबूती

जालंधर में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, डिप्टी मेयर हरसिमरनजीत सिंह बंटी, तीन कांग्रेसी काउंसलर और मंडी बोर्ड के डायरेक्टर बलजीत सिंह पूपी कांग्रेस छोड़ आप में हुए शामिल

5 Dariya News

जालंधर/चंडीगढ़ 05-Sep-2022

आम आदमी पार्टी(आप) ने कांग्रेस को करारा झटका दिया है। सोमवार को जालंधर नगर निगम में कांग्रेस के डिप्टी मेयर हरसिमरनजीत सिंह बंटी, तीन कांग्रेसी काउंसलर एवं पंजाब मंडी बोर्ड के डायरेक्टर बलजीत सिंह पूपी कांग्रेस छोड़ कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। सभी नेताओं को 'आप' पंजाब के प्रभारी जरनैल सिंह और महासचिव हरचंद सिंह बरसट ने पार्टी में शामिल कराया।

सोमवार को चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में मीडिया के सामने डिप्टी मेयर हरसिमरनजीत सिंह बंटी के साथ जालंधर नगर निगम के उनके तीन साथी काउंसलर रोहन सहगल, मिंटू गुज्जर और रजिंदर कुमार मिंटू आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। इनके अलावा जालंधर के एक और प्रभावशाली व्यक्ति अमरजीत सिंह छाबड़ा ने भी 'आप' का दामन थामा।

इस मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए जरनैल सिंह ने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी के जन कल्याणकारी और क्रांतिकारी कार्यों को देख कर पंजाब सहित पूरे देश की जनता बेहद प्रभावित है। लोगों को आम आदमी पार्टी से काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनावों की तरह ही नगर निकाय चुनाव में भी आम आदमी पार्टी एकतरफा जीत दर्ज करेगी।

वहीं पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को देखकर हमने आम आदमी पार्टी में शामिल होने का फैसला किया। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, हम उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।