5 Dariya News

चुनाव में प्रधानमंत्री की कोई भूमिका नहीं : यशवंत सिन्हा

5 दरिया न्यूज

लखनऊ 26-Apr-2014

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि यह बहुत ही विचित्र चुनाव है। इसमें सत्तासीन लोगों के खिलाफ देश के सभी दल नहीं हैं बल्कि भाजपा और उसके नेता नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सारे राजनीतिक दल एकजुट होकर हमले कर रहे हैं और उन्हें सत्ता तक पहुंचने से रोकने में लगे हैं। उन्होंने कहा, "देश के प्रधानमंत्री की इस चुनाव में कोई भूमिका नजर नहीं आ रही है।"यशवंत सिन्हा ने पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि देश में मोदी की लहर पर चर्चा हो रही है। इस बार ऐसी स्थिति बनी है जिससे जातीय समीकरण ध्वस्त हुआ है। जातीय समीकरण के आधार पर आने वाले चुनावी सर्वे से एकदम उलट परिणाम आने वाले हैं। सिन्हा ने कहा, "यह सब डॉ. मनमोहन सिंह को नहीं दिखता।"

उन्होंने कहा कि मतदान करके बूथ के बाहर मीडिया से सिंह ने कहा था कि देश में मोदी की कोई लहर नहीं है। वे यह सब, तब कह रहे हैं जब अपने भाई को भी कांग्रेस में नहीं रोक पा रहे हैं। उनके भाई भाजपा में शामिल हो गए हैं।एक सवाल के जवाब में सिन्हा ने कहा कि उनका पूरा परिवार सार्वजनिक जीवन (राजनीति) में है और इसलिए ऐसे लोगों पर टिप्पण़ी करने का पूरा अधिकार है।पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि वैसे भी प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा का यह मामला नया नहीं है। उन्होंने कहा, "करीब छह माह पूर्व मैंने संसद में मामला उठाया था। तो फिर वह अब इस वक्त क्यों परेशान हो रही हैं।"उन्होंने कहा कि प्रियंका चाहे जितने कम लोगों को संबोधित करें लेकिन उन्हें देश की मीडिया में उतनी ही कवरेज मिलती है जितनी कि लाखों लोगों को संबोधित करते वक्त मोदी को। 

गुजरात मॉडल के मुद्दे पर स्पष्टीकरण देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल गुजरात मॉडल पर हल्ला मचा रहे हैं लेकिन हकीकत तो यह है कि भाजपा ने कभी भी देश भर में गुजरात मॉडल लागू करने की बात कही ही नहीं। इसलिए गुजरात मॉडल का मुद्दा उठाना बेमानी होगा। भाजपा विकास और सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। देश को वित्तीय समस्याओं से उबारने के लिये भाजपा के पास कौन सा फार्मूला है, इस पर उन्होंने कहा कि इस वक्त देश अर्थिक संकट से जूझ रहा है। इससे छुटकारा एक या दो दिन में नहीं पाया जा सकता लेकिन इसका हल अवश्य निकलेगा।