5 Dariya News

सांसद Sanjeev Arora ने जगराओं निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की

श्री नानकसर गुरुद्वारे में माथा टेका, आशीर्वाद लिया

5 Dariya News

लुधियाना 26-Aug-2022

सांसद (राज्यसभा) संजीव अरोड़ा ने आज जगराओं निर्वाचन क्षेत्र में शुरू की जाने वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए 11 लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की। उनके साथ जगराओं से विधायक सरवजीत कौर माणुके, श्री नानकसर गुरुद्वारा के प्रमुख सरदार लक्खा सिंह जी, नेचर आर्टिस्ट हरप्रीत संधू के अलावा कई अन्य लोग भी थे।

संजीव अरोड़ा आज श्री नानकसर गुरुद्वारे में नतमस्तक होकर आशीर्वाद लेने गए। अरोड़ा ने न केवल गुरुद्वारे में माथा टेका, बल्कि उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में सुव्यवस्थित उद्यान का भी भ्रमण किया। उन्हें सिरोपा, प्रसाद और बाबा नंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों की एक पुस्तिका भेंट की गई। 

ट्रस्ट द्वारा की जा रही धार्मिक, सामाजिक और अन्य गतिविधियों से अरोड़ा काफी प्रभावित हुए। अरोड़ा ने  जगराओं से विधायक सरवजीत कौर माणुके, श्री नानकसर गुरुद्वारा के प्रमुख सरदार लक्खा सिंह जी, हरप्रीत संधू और और श्रद्धालुओं के साथ गुरुद्वारे के पवित्र परिसर में पौधे लगाए। यह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के संरक्षण में वृक्षारोपण अभियान को बढ़ावा देने के लिए एक कदम था।

इस अवसर पर,  विधायक सरवजीत कौर माणुके ने सांसद से क्षेत्र के विकास के लिए फंड जारी करने का अनुरोध किया, जिसके बाद सांसद संजीव अरोड़ा ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एम.पी.एल.ए.डी.एस.) के अंतर्गत जगराओं क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की धनराशि आवंटित करने की घोषणा की। माणुके ने अरोड़ा को उनकी मांग को तुरंत स्वीकार करने के लिए धन्यवाद दिया।

अरोड़ा ने कहा कि गुरुद्वारे में आशीर्वाद प्राप्त करने का क्षण बेहद खूबसूरत लम्हा था। उन्होंने कहा कि वह गुरुद्वारा परिसर में सुव्यवस्थित पार्क में हरियाली देखकर प्रसन्न हैं।