5 Dariya News

UP : चलती बाइक पर गिरे हाईटेंशन बिजली के तार, 2 लोगों की करंट लगने से मौत

5 Dariya News

बदायूं (उत्तर प्रदेश) 22-Aug-2022

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के अलापुर इलाके स्थित काकराला पावर हाउस के पास हाईटेंशन बिजली की लाइन गिरने से दो बाइक सवारों की करंट लगने से मौत हो गई। घटना रविवार शाम की है, जब शाकिर अली (58) और उसका चचेरा भाई कैसर अली (55) अपने पोते आहिल के साथ किसी काम से काकराला शहर जा रहे थे। 

इस दौरान वह बिजली की लाइन के संपर्क में आए, जो लकड़ी के खंभे पर लटकी हुई थी और हवा के कारण उखड़ गई थी। शाकिर अली और कैसर अली गंभीर रूप से झुलस गए और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया, जबकि उनका पोता इस घटना में बच गया। 

पीड़ितों के परिवार ने बिजली निगम लिमिटेड के खिलाफ अलापुर थाने में लिखित शिकायत दी है। वहीं पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अलापुर थाने के एसएचओ संजय सिंह ने कहा, पीड़ित अपना अमरूद का बाग देखने जा रहे थे, तभी एक हाईटेंशन बिजली की लाइन उन पर गिर गई।