Gujarat के खेड़ा में अधेड़ ने किशोरी की गला रेतकर हत्या की
5 Dariya News
खेड़ा 18-Aug-2022
गुजरात के खेड़ा जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां के एक बाजार में अधेड़ उम्र के एक व्यक्ति ने किशोरी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी गुरुवार को दी। दिलीप पटेल की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, बुधवार की शाम उनकी 15 वर्षीय बेटी कृपा अपने दोस्त के साथ त्राज गांव में पास की एक दुकान से शीतल पेय लेने गई थी।
जब आरोपी (राजेश) उस दुकान पर कृपा के पास पहुंचा तो बिना किसी उकसावे के उसने कृपा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले लड़की का गला काटा और फिर उसके सीने पर वार किया।
गंभीर हालत में कृपा को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। माता-पिता और परिवार के सदस्य आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया, पुलिस उपाधीक्षक वी.आर. वाजपेयी और अन्य अधिकारी गांव पहुंचे और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उप निरीक्षक एच.एम. रबारी ने कहा कि गुरुवार को डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा पीड़िता का पोस्टमार्टम किया जाएगा और उसके बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा। मटर पुलिस थाना के अधिकारी ने बताया कि 42 वर्षीय आरोपी राजेश पटेल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा लगाई गई है। पुलिस ने बताया कि हमले के कारणों की जांच की जा रही है।