कनार्टक के Chief Minister Basavaraj Bommai ने की शहीद के परिवार के सदस्य के लिए सरकारी नौकरी की घोषणा
5 Dariya News
बेंगलुरु 15-Aug-2022
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोमवार को अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन के दौरान शहीद के परिवार के सदस्य के लिए सरकारी नौकरी की घोषणा की। सीएम बोम्मई ने कहा, देश की रक्षा के लिए सैनिक अपने प्राणों की आहुति देते हैं। भारतीय सशस्त्र बलों में सेवा के दौरान राज्य के रहने वाले शहीद सैनिकों के परिवार के सदस्यों में से एक को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी मिलेगी।
बोम्मई ने इसकी घोषणा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बेंगलुरु के मानेकशॉ परेड ग्राउंड में आयोजित एक समारोह में अपने भाषण के दौरान की। उन्होंने राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों में 250 करोड़ रुपये की लागत से शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य में 4,050 आंगनबाडी केंद्र खोले जाएंगे, जिसके माध्यम से 16 लाख बच्चों को पौष्टिक भोजन दिया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि 'हर घर तिरंगा' अभियान सफल रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले 25 वर्षों के लिए एक मजबूत देश की नींव रखी है। उन्होंने कहा, देश में 40 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया जा रहा है और कर्नाटक में 1.25 करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा रहा है।