5 Dariya News

राज्य सभा सांसद पद्मश्री संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पंजाब केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दौरा किया

पद्मश्री संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय का दौरा किया और शिक्षकों तथा युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया

5 Dariya News

बठिंडा 09-Aug-2022

जल संरक्षण और इसके उचित उपचार हेतु कार्य करने वाले प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और राज्य सभा सांसद पद्मश्री संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने मंगलवार को पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी ने संत सीचेवाल का स्वागत किया और उन्हें विश्वविद्यालय की विकास यात्रा की जानकारी दी। 

विशेष संवाद-सत्र में विश्वविद्यालय के शिक्षकों और अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि स्वच्छ वायु, स्वच्छ जल और स्वच्छ भोजन प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। यद्यपि वायु, जल और मिट्टी में हानिकारक प्रदूषकों के प्रदुषण से न केवल पर्यावरण को नुक्सान पहुंचा है, बल्कि वैश्विक तापमान में भी वृद्धि हुई है। 

उन्होंने काली बेईं नदी के कायाकल्प के अपने अनुभवों को साझा किया और वर्षा जल संग्रहण, वाटर ट्रीटमेंट सेंटर्स की स्थापना और उपचार के बाद अपशिष्ट जल के सिंचाई और अन्य उद्देश्यों के लिए पुन: उपयोग के माध्यम से जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि लोगों को सीचेवाल गांव जहां पानी की एक-एक बूंद का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाता है, को एक मॉडल की तरह अपनाते हुए अपने नगर और गांव को विकसित करना चाहिए।

अपने संबोधन में संत सीचेवाल ने कहा कि तकनीकी नवाचार के माध्यम से ठोस और तरल कचरे का उपचार संभव हो सकता है। उन्होंने सीयूपीबी के शिक्षकों और वैज्ञानिकों को पर्यावरण संरक्षण हेतु छात्रों को जागरूक करने और सतत विकास के लिए अभिनव समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. आर.पी. तिवारी ने संत सीचेवाल के प्रति आभार व्यक्त किया और उन्हें आश्वासन दिया कि सी.यू.पी.बी. पर्यावरण संरक्षण के बारे में समाज में जागरूकता प्रसारित करने की दिशा में कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।इस दौरान संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कुलपति प्रो. राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी और डीन छात्र कल्याण प्रो. विनोद कुमार गर्ग के साथ मिलकर ‘हमारा पर्यावरण बचाओ के संदेश को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।