5 Dariya News

जमशेदपुर में दंपति की हथौड़े से पीट-पीट कर हत्या, 13 वर्षीया पुत्री लापता

5 Dariya News

जमशेदपुर 08-Aug-2022

जमशेदपुर शहर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडल बस्ती में एक दंपति की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। सोमवार को दोनों के खून से लथपथ शव बरामद किये गये। वारदात से इलाके में सनसनी है। दंपति की 13 वर्षीया पुत्री वारदात के बाद लापता है। 

आशंका है कि बदमाश उनकी पुत्री को साथ ले गये हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। बताया गया कि भूपेंद्र प्रसाद और उसकी पत्नी सविता देवी दोनों मजदूरी का काम करते थे। 

पड़ोसियों के मुताबिक, घर में आपसी मसलों को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था। दोनों की हत्या संभवत: 7 अगस्त की देर रात में हुई है। सुबह घर से खून बहता देख पुलिस को इसकी सूचना दी गयी। इसके बाद दोनों की लाशें बरामद की गयीं। 

घटनास्थल से एक हथौड़ा मिला है, जिससे यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी से पीटकर दोनों की हत्या की गयी। सिटी एसपी विजय शंकर ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया है। 

दंपति की पुत्री को बदमाश अपने साथ ले गये हैं या वह खुद लापता हुई है, इन दोनों बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। दंपति के दो अन्य बच्चे भी हैं, जो बिहार में पैतृक गांव में रहते हैं।