5 Dariya News

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस.जगन मोहन रेड्डी ने बाढ़ प्रभावित कोनसीमा का दौरा किया

5 Dariya News

अमरावती 26-Jul-2022

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस.जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को बीआर अंबेडकर कोनसीमा जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। मंत्रियों, स्थानीय विधायकों और अन्य नेताओं के साथ उन्होंने गोदावरी बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। 

मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की और अधिकारियों से राहत कार्यो के बारे में जानकारी ली। बारिश के बीच अपनी यात्रा को जारी रखते हुए मुख्यमंत्री एक नाव में सवार हुए और प्रभावित द्वीप गांवों का दौरा करने के लिए एक ट्रैक्टर में यात्रा की। 

जगन मोहन रेड्डी ने पी. गन्नावरम मंडल (ब्लॉक) के जी. पेडापुडी गांव का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को सांत्वना दी और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार हर संभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों के साथ बातचीत करने और राहत उपायों की देखरेख करने के लिए पुच्छकायालावरिपेटा, अरिगेलवारिपेटा, वुडिमडिलंका और मेकलापलेम क्षेत्रों का दौरा किया। 

जगन रेड्डी ने पीड़ितों से राहत शिविरों में सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उनसे स्थानीय अधिकारियों से उनकी समस्याओं पर ध्यान देने की प्रतिक्रिया के बारे में भी पूछा। दौरे के बाद वह राजमुंदरी आर एंड बी गेस्ट हाउस में गोदावरी क्षेत्र के अधिकारियों के साथ बचाव कार्यो की समीक्षा करेंगे।