5 Dariya News

रांची में पशु तस्करों के वाहन ने महिला दारोगा को कुचलकर मार डाला

5 Dariya News

रांची 20-Jul-2022

रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के तीन बजे वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वैन ने महिला दारोगा संध्या टोपनो को रौंद डाला। बुरी तरह जख्मी हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 

बताया गया है कि खूंटी और गुमला जिले की पुलिस पशुओं की तस्करी करने वाले वाहनों का पीछा कर रही थी। रांची पुलिस को भी सूचना थी कि पशुओं से लदे कुछ वाहन तुपुदाना होकर गुजरने वाले हैं। इसे लेकर पुलिस की टीम वाहनों की चेकिंग के लिए हुलहुंडू के पास हाईवे पर तैनात थी। 

सुबह लगभग 3 बजे पशुओं से लदी एक पिकअप पैन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन ड्राइवर तेजी से गाड़ी भगाते हुए महिला दारोगा को रौंद कर भाग गया। संध्या झारखंड पुलिस की 2018 बैच की अफसर थीं। बाद में पुलिस ने दारोगा को रौंदने वाले वाहन को जब्त कर लिया। 

चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन पर सवार पशु तस्कर भागने में सफल रहे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस तस्करों के बारे में पता लगा रही है।