5 Dariya News

झारखंड में चाईबासा के पास टैंकर पलटने से तीन बच्चों की मौत

5 Dariya News

चाईबासा 12-Jul-2022

पश्चिम सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के जांगीबुरू गांव में एक ऑयल टैंकर के पलटने से उसके नीचे दबकर एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गयी। हादसा मंगलवार लगभग 11 बजे का है। हादसे के बाद गांव में कोहराम मचा है। 

गुस्साये ग्रामीणों ने इसके बाद पोखरिया से बलनडीहा जाने वाले मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जांगीबुरूगांव जमशेदपुर-चाईबासा रोड का है। बताया गया कि इंडियन ऑयल कंपनी का एक टैंकर जमशेदपुर से चाईबासा जा रहा था, तब संकरी घाटीनुमा क्षेत्र जांगीबुरु में टैंकर पीछे लुढ़कने लगा। 

ब्रेक फेल हो जाने के कारण टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। सड़क किनारे बैठे तीन बच्चे टैंकर के नीचे दब गये। यह स्थान जांगीबुरू स्कूल के पास है। मृतकों में सिंगराय साय की पांच साल की बच्ची सुखमति तामसोय, आठ माह का बच्चा सागर तामसोय और डिबरू तामसोय का छह महीने का पुत्र पानो तामसोय शामिल हैं। 

बच्चों की मौत से गांव में चीख-पुकार मच गयी। टैंकर चालक शंकर पासवान का कहना है कि टैंकर का ब्रेक अचानक फेल हो गया। घटना की सूचना पाकर मंझारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की जा रही है। 

वे मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया है कि जिला प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा गया है।