5 Dariya News

श्रीखंड यात्रा मंगलमय हो, प्रशासन का करें सहयोग, सरकार यात्रा के लिए तैयार : सुरेश भारद्वाज

शहरी विकास मंत्री ने निरमंड से श्रीखंड यात्रा का किया शुभारंभ

5 Dariya News

निरमंड (कुल्लू ) 09-Jul-2022

श्रीखंड यात्रा मंगलमय हो, इस यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु सरकार और प्रशासन का सहयोग करें। सरकार यात्रा के लिए तैयार है। शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, संसदीय कार्य, विधि एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने ये बात शनिवार को निरमंड के रामलीला मैदान में श्रीखंड महादेव यात्रा के शुभारंभ मौके पर कही। विश्व की सबसे कठिनतम धार्मिक यात्राओं में से एक श्रीखंड महादेव यात्रा का उन्होंने शुभारंभ किया। इस दौरान श्री खंड छड़ी यात्रा कमेटी के एक जत्थे को उन्होंने इस यात्रा पर रवाना भी किया।

मंत्री ने यात्रा समिति के लोगों, स्थानीय वासियों, यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को बधाई और शुभकामना देते हुए कहा कि श्रद्धालु यात्रा के दौरान विशेष एहतियात बरतें। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस संबंध में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं। इस पर अमल करते हुए प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा की तैयारियों को लेकर उन्होंने निरमंड प्रशासन और नगर पंचायत निरमंड के प्रयासों की भी सराहना की। 

मंत्री की ओर से जिस छड़ी यात्रा को रवाना किया गया उसमें साधु संत समाज की अगुआई जूना अखाड़ा के महंत अशोक गिरी फलाहारी बाबा करेंगे। इसी तरह कारदार अंबिका माता मंदिर पुष्पेंद्र शर्मा भी इसमें शरीक होंगे। यात्रा समिति के अध्यक्ष टकेश्वर ने भी सभी लोगों को यात्रा की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से आनी विधानसभा क्षेत्र में आनी और निरमंड की जरूरतों को समझते हुए नगर पंचायत का दर्जा दिया है। शहरी विकास विभाग की ओर से इन दोनों नगर पंचायतों में उचित विकास कार्यों को अंजाम दिया जाएगा। 

उन्होंने विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों पर भी प्रकाश डाला। विधायक किशोरी लाल सागर और एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने भी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है। 26वीं श्री खंड यात्रा के इस मौके पर स्थानीय विधायक किशोरी लाल सागर, हिमकोफेड के चेयरमेन कौल नेगी, एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह, नगर पंचायत अध्यक्षा ममता, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष दिलीप ठाकुर, उपाध्यक्ष बिंद राम सहित जिला परिषद सदस्य देवेंद्र नेगी, स्थानीय लोग और विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी इस दौरान मौजूद रहे। 

मंत्री ने नगर पंचायत के लिए की घोषणाएं

शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने निरमंड नगर पंचायत में पार्किंग को सिरे चढ़ाने के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसी प्रकार नगर पंचायत भवन बनाने के लिए भी 20 लाख रुपए की घोषणा की गई। इसमें अतिरिक्त राशि भी आवश्यकता अनुसार और औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद जारी होगी। मंत्री ने सीवरेज प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए भी प्रतिबद्धता जताई।