5 Dariya News

मान सरकार में जुड़े पांच नए मंत्री,कुल मंत्रियों की संख्या हुई 14

राजभावन में राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने नए मंत्रियों को पद और गोपनियता की शपथ दिलाई

5 Dariya News

चंडीगढ़ 04-Jul-2022

आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने सोमवार को अपने पहले मंत्रिमंडल का विस्तार किया।पंजाब राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने पांच और मंत्रियों को पद और गोपनियता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान भी खासतौर पर मौजूद थे। मुख्यमंत्री मान सहित केबिनेट में अब मंत्रियों की संख्या 14 हो गई है।

मान कैबिनेट में शामिल होने वालों में सुनाम से दो बार विधायक रह चुके अमन अरोड़ा, अमृतसर दक्षिण से विधायक डॉ इंदरबीर सिंह निज्जर, खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान,गुरु हर सहाय से विधायक फौजा सिंह,समाना से विधायक चेतन सिंह  जोड़माजरा के नाम शामिल हैं। समारोह का संचालन मुख्य सचिव अनिरुद्ध तिवारी ने किया।

पंजाब में विधानसभा चुनावों में 117 सीटों में से 92 सीटें जीतकर आप के सत्ता में आने के बाद तीन महीने में मान के नेतृत्व वाली सरकार का यह पहला कैबिनेट विस्तार था।शपथ ग्रहण समारोह के बाद,मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि मुझे अपने नए कैबिनेट सदस्यों पर पूरा भरोसा है। वे पंजाब और पंजाब के लोगों की बेहतरी के  लिए पूरी ईमानदारी और लगन से काम करेंगे।

 मान ने कहा“ आप सरकार लोगों की सभी उम्मीदों पर खरा उतरेगी।  पंजाब में पारदर्शी सरकार देने के लिए मेरे सभी मंत्री पूरी ईमानदारी से काम करेंगे।  पिछले 75 वर्षों में विरोधी पार्टियों की सरकारों ने पंजाब को लूटा और कर्ज में डुबोया। मेरी सरकार सरकारी खजाने को भरकर राज्य की खराब आर्थिक स्थिति में जल्द सुधार करेगी।मान ने कहा कि आप सरकार पिछली सरकारों में हुए बड़े घोटालों की जांच कर रही है,दोषियों के नाम जल्द सार्वजनिक होंगे।  किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा।