5 Dariya News

इंदौर में पिज्जा कंपनी की महिला कर्मचारी की पिटाई

5 Dariya News

इंदौर 14-Jun-2022

मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में पिज्जा कंपनी की महिला कर्मचारियों ने आपसी विवाद के चलते अपनी एक साथी की सरेराह पिटाई कर दी। इस पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया।

मामला द्वारिकापुरी क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां फूड कंपनी डोमिनोज में काम करने वाली नंदिनी यादव ने पिंकी और तीन महिला साथियों द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें चारों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। नंदिनी का आरोप है कि वह शनिवार को अपने काम पर जा रही थी।

उसी दौरान पिंकी ने अपनी तीन अन्य महिला साथियों के रोका और जमकर पिटाई की। वह जमीन पर गिर गई, वह लोगों से मदद मांगती रही, मौके पर कई लोग थे मगर कोई बचाव और मदद के लिए आगे नहीं आया। सोशल मीडिया पर इसी मारपीट का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें चार लड़कियां एक लड़की को घेर कर मार रही है। 

इंदौर के पुलिस कमिश्नर हरि नारायण चारी मिश्रा ने आईएएनएस को बताया है कि सभी पांचो लड़कियां डोमिनोज कंपनी में काम करती है और उनका आपसी विवाद है। उसी के चलते यह घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।