जमात उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष सुहैब कासमी बोले- इस्लाम कहता है.. नुपुर शर्मा को माफ कर देना चाहिए

5 Dariya News

जमात उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष सुहैब कासमी बोले- इस्लाम कहता है.. नुपुर शर्मा को माफ कर देना चाहिए

5 Dariya News

नई दिल्ली 13-Jun-2022

आज लगभग देश का हर मुसलमान नुपुर शर्मा के विरोध में खड़ा है, जगह-जगह दंगे हो रहे हैं। नुपुर को फांसी की सजा देने की मांग की जा रही है। इन सब के बीच जमात उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष सुहैब कासमी ने बड़ा बयान दिया है। कासमी ने  कहा है कि नुपुर शर्मा ने पैगंबर मुहम्मद पर विवादस्पद टिप्पणी की थी। लेकिन नूपुर शर्मा को इस्लाम के अनुसार माफ कर दिया जाना चाहिए। देश में जो दंगे फसाद हो रहे हैं वो बिलकुल गलत है, हम इसका विरोध करते हैं।

नुपुर शर्मा के बयान और देश में हो रही हिंसा के बाद दिल्ली में जमात उलमा-ए-हिंद की तरफ से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें अध्यक्ष कासमी ने कहा, इस्लाम कहता है कि नुपुर शर्मा को माफ कर दिया जाना चाहिए। हम नूपुर शर्मा और उनकी अपमानजनक टिप्पणियों के खिलाफ जुमे की नमाज के बाद देशभर में शुरू हुए दंगों और हिंसा से बिल्कुल सहमत नहीं हैं। हम कानून के फैसले का स्वागत करते हैं, क्योंकि भारत देश का कानून है और हम कानून को अपने हाथ में कभी नहीं लेंगे। हमारे देश का कानून हमें नियम तोड़ने की इजाजत नहीं देता है, और ना ही हमें कानून तोड़कर सड़कों पर हिंसा करनी चाहिए। यह सरासर गलत है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जमात उलमा-ए-हिंद ने असदुद्दीन ओवैसी और मोहम्मद मदनी के खिलाफ एक फतवा जारी करने का फैसला किया है। यह फतवा नूपुर शर्मा की टिप्पणी के विरोध में हो रहे प्रदर्शन या किसी भी हिंसा का समर्थन नहीं करने के लिए बताएगा। जमात ने सरकार से कई मुस्लिम संगठनों और उनकी फंडिंग की जांच करने की अपील की है। कहा जा रहा है कि पैसे देकर जबरदस्ती दंगे फसाद करवाए जा रहे हैं। ये काम का साजिश के तहत हो रहा है।

नुपुर शर्मा विवाद का पूरा मामला समझिए-

शुक्रवार 27 मई को भाजपा के प्रवक्ता के तौर पर नुपुर शर्मा एक TV चैनल की डिबेट में पहुंचीं। बहस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदू आस्था का लगातार मजाक उड़ा रहे हैं। अगर यही है तो वह भी दूसरे धर्मों का मजाक उड़ा सकती हैं। नुपुर ने इसके आगे इस्लामी मान्यताओं का जिक्र किया, जिसे कथित फैक्ट चेकर मोहम्मद जुबैर ने अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया और नुपुर पर पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया। ये विवाद तूल पकड़ता गया जिसके बाद नुपुर को बीजेपी ने पार्टी से निकाल दिया। चारों तरफ नुपुर की आलोचना होने लगी। अब आलम ये है कि देश में कईं जगह हिंसा हो रही है। पुलिस पर लगातार पत्थरबाजी हो रही है। पूरे देश में हालात ठीक नहीं हैं।

अब तक 306 दंगाई गिरफ्तार-

जुमे की नमाज यानी शुक्रवार की हिंसा में अब तक जो 306 दंगाइयों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सहारनपुर में 71, हाथरस में 51, अंबेडकरनगर में 34, प्रयागराज में 92, मुरादाबाद में 35, फिरोजाबाद में 15, अलीगढ़ में 6 और जालौन में 2 को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार उपद्रवियों की पूरी जन्म कुंडली खंगाली  जा रही है। इनमें से जिसने भी अवैध कब्जा करके घर बनाया है उसपर तुरंत प्रभाव से बुलडोजर चलाया जाएगा। यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने सख्त आदेश दिए हैं कि एक भी उपद्रवी बचना नहीं चाहिए। जिसने कानून अपने हाथ में लिया है उसको सबक सिखाना जरूरी हो गया है।