नुपुर के सपोर्ट में उतरी साध्वी, बोलीं-ये देश सनातनी लोगों का है, देवताओं की बेइज्जती नहीं सहता
5 Dariya News
10-Jun-2022
नुपुर शर्मा के विवाद बयान की वजह से देश-दुनिया में बवाल हो रहा है। वहीं बहुत लोग नुपुर के सपोर्ट में आ रहे हैं। पहले द कश्मीर फाइल्स के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री, फिर कंगना और अब भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा नुपुर शर्मा के सपोर्ट में खड़ी हो गई हैं। साध्वी प्रज्ञा ने एक ट्वीट किया है जिसमें बगावती तेवर दिखाए हैं। प्रज्ञा ठाकुर ने इशारों-इशारों में नुपूर शर्मा का समर्थन किया है।
ट्वीट में साध्वी प्रज्ञा ने लिखा कि - सच कहना अगर बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं। उनके इस ट्वीट को नुपूर शर्मा मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। साध्वी प्रज्ञा से जब उनके ट्वीट को लेकर प्रतीक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि 'अब उसे झूठा कहोगे तो बुरा लगेगा, विधर्मियों का इतिहास गंदा था। आप हमारा इतिहास बता दो, हम उनकी पोल खोल देंगे। भोपाल में साध्वी प्रज्ञा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं सच बोलने के लिये बदनाम हूं। ज्ञानवापी में शिवमंदिर था और है। कोई अगर फौव्वारा बोलेगा, तो ये गलत है। प्रज्ञा ठाकुर ने नुपुर शर्मा का समर्थन करते हुए कहा कि हमारी असलियत तुम बता दो, हमें स्वीकार है। लेकिन तुम्हारी असलियत हम बता रहे हैं तो क्यों तकलीफ है? इसका मतलब कहीं न कहीं इतिहास गंदा है।
साध्वी प्रज्ञा यहीं नहीं रुकी, उन्होंने आगे कहा- ये हमारे देवी-देवताओं को लेकर फिल्म बनाते हैं, डायरेक्शन करते हैं और गालियां देते हैं। ये आज से नहीं, इनका पूरा इतिहास है। लेकिन अब कोई हमारे धर्म के बारे में बोलेगा तो उसे सुनना भी पड़ेगा। कमलेश तिवारी ने सच बोला, तो उसका कत्ल कर दिया गया। ये भारत हिंदुओं और सनातनी लोगों का है और यह हमेशा रहेगा। इसे बचाकर रखना हमारा कर्तव्य है। नुपूर शर्मा का समर्थन करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि जो इतिहास है वो सच है। वो अपनी गंदी मानसिकता से हमारे देवी-देवताओं को बुरा भला बोलते हैं। फिल्मों के जरिए हमारे देवी-देवताओं का अपमान करते हैं। हम चुप रहते हैं! हमें भी विरोध करना होगा।
क्या है पूरा मामला-
शुक्रवार 27 मई को भाजपा के प्रवक्ता के तौर पर नुपुर शर्मा एक TV चैनल की डिबेट में पहुंचीं। बहस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदू आस्था का लगातार मजाक उड़ा रहे हैं। अगर यही है तो वह भी दूसरे धर्मों का मजाक उड़ा सकती हैं। नुपुर ने इसके आगे इस्लामी मान्यताओं का जिक्र किया, जिसे कथित फैक्ट चेकर मोहम्मद जुबैर ने अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया और नुपुर पर पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया। ये विवाद तूल पकड़ता गया जिसके बाद नुपुर को बीजेपी ने पार्टी ने निकाल दिया। चारों तरफ नुपुर की आलोचना होने लगी।