5 Dariya News

सीएम आवास के अंदर कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन करना बेहद शर्मनाक - आप

कांग्रेस नेताओं ने सीएम के साथ बैठक के लिए नहीं मांगा समय : मलविंदर कंग

5 Dariya News

चंडीगढ़ 09-Jun-2022

आम आदमी पार्टी(आप) ने मुख्यमंत्री आवास के भीतर कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रदर्शन करने को शर्मनाक बताया है और इस घटना के लिए कांग्रेस पार्टी और की सख्त निंदा की।आप के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजा वडिंग और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा को आड़े हाथ लिया और कहा कि कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री आवास के भीतर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है और कानून की उल्लंघना की है।

कांग्रेस नेताओं के दावों का खंडन करते हुए, कंग ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मीटिंग का समय नहीं मांगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता जिस तरह भ्रष्टाचार के आरोपी व्यक्ति का समर्थन कर रहे हैं , वह 'सौ चुहे खा के बिल्ली चली हज पर' जैसा है। दरअसल, कांग्रेस नेता साधु सिंह धर्मसोत की गिरफ्तारी से डरे हुए हैं।

"कांग्रेस नेताओं द्वारा भ्रष्टाचारी नेता धर्मसोत की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की घटना ने उजागर कर दिया कि वे दशकों से अपने शासन के दौरान अपने भ्रष्ट नेताओं को बचा रहे थे। लेकिन अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली 'आप' सरकार भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी नेता को नहीं बख्शेगी।

उन्होंने कहा कि मान सरकार की भ्रष्टाचार और माफिया के खिलाफ जंग को कांग्रेस इस तरह के राजनीतिक स्टंटों से नहीं रोक सकती।  मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य की शासन व्यवस्था में सुधार और पंजाब को फिर से 'रंगला पंजाब' बनाने के लिए ईमानदारीपूर्वक काम कर रही है और लगातार ऐतिहासिक फैसले ले रही है। कांग्रेसी नेताओं की इन घटिया चालों से मान सरकार अपने लक्ष्य से नहीं भटकेगी।