जहांगीरपुरी में एक बार फिर बवाल: जमकर बरसे पत्थर, गाड़ियों के शीशे तोड़े.जाहीर को खोज रही पुलिस
5 Dariya News
नई दिल्ली 08-Jun-2022
दिल्ली में फिर तनाव बढ़ गया है। जहांगीरपुरी में एक बार फिर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। खबर है कि एक पक्ष के कई लोग I-Block में इकट्ठा हो गए और वहां जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई है। इस घटना के बाद एक बार फिर इलाके में दहशत का माहौल हो गया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वहीं, डीसीपी ने सांप्रदायिक घटनाक्रम से इनकार किया है। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस की टीमों को तैनात किया गया है। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।
पुलिस लगातार इलाके में गश्त भी कर रही है। पुलिस के मुताबिक, रात में PCR को सूचना मिली थी कि इलाके में तोड़फोड़-पथराव हो रहा है। जांच में पता चला कि जहीर नाम का लड़का अपने कुछ दोस्तों के साथ समीर और शोएब की तलाश में आई ब्लॉक आया था। वो कथित तौर पर नशे में थे और जब उन्हें कोई नहीं मिला तो उन्होंने पत्थर फेंके, जिसमें 3 वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी नार्थ वेस्ट ऊषा रंगनानी ने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे पुलिस को पथराव की जानकारी मिली थी। इस मामले में जहांगीरपुरी के रहने वाले दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि बाकी आरोपियों को भी जल्द पकड़ा जाएगा।
बता दें कि अप्रैल में भी जहांगीरपुरी में हिंसक घटना हुई थी। 16 अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर कुछ लोग शोभायात्रा निकाल रहे थे। इस दौरान कुछ शरारती लोगों ने शोभायात्रा पर पथराव किया था। पथराव की घटना के बाद जहांगीरपुरी में हिंसा भड़की थी। इस घटना में 8 पुलिसकर्मी समेत 9 लोगों की घायल हुए थे। इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 5 आरोपियों पर NSA लगाया है। वहीं कानपुर में पिछले शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद खूब पत्थरबाजी हुई थी और पेट्रोल बम भी जलाए। योगी सरकार और पुलिस ने एक्शन लिया और करीब 50 दंगाइयों को हिरासत में लिया।