कश्मीरी हिंदुओं की हालत देख BJP पर बरसे केजरीवाल, बोले- बहुत हुई मीटिंग, अब कश्मीर में एक्शन लो
5 Dariya News
नई दिल्ली 06-Jun-2022
कश्मीर में हो रही टारगेट किलिंग को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के केंद्र सरकार को घेरा है। कश्मीर घाटी में हो रही कश्मीरी पंडितों की हत्या ने पूर देश को चिंता में डाल दिया है। लोगों का कहना है कि कश्मीर में फिर से 1990 वाला दौर लौट आया है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर कश्मीर घाटी में हाल ही में हुई टारगेट किलिंग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कश्मीर में हालात बिलकुल भी ठीक नहीं है, लेकिन सरकार सो रही है। बहुत हुई तुम्हारी मीटिंग, अब एक्शन लो। ये एक्शन लेने का टाइम है।
केजरीवाल ने आगे बोला- कश्मीर में फिर से कश्मीरी पंडितों को चुन-चुन कर मारा जा रहा है। भाजपा सरकार उनकी रक्षा करने में पूरी तरह फेल हो चुकी है। कश्मीर में जो हो रहा है उसको लेकर हर भारतीय के मन में गुस्सा और चिंता है। आज फिर कश्मीरी पंडित अपनी जन्मभूमि छोड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं, क्या अब सरकार को उनके आंसू नहीं दिख रहे। वहीं, जब कश्मीरी पंडित टारगेट किलिंग का विरोध करते हैं तो कश्मीर में वर्तमान भाजपा सरकार उन्हें विरोध करने की अनुमति नहीं देती है। अगर सरकार इस तरह व्यवहार करती है, तो लोगों की पीड़ा दोगुनी हो जाती है।
आज हम केंद्र सरकार के सामने चार मांगें रखते हैं। पहली- भाजपा की केंद्र सरकार देश के सामने कश्मीरी पंडितों, हिंदुओं और फौज की सुरक्षा का प्लान रखे। दूसरी- ये बॉन्ड रद्द किया जाए। तीसरी- कश्मीरी पंडितों की हर मांग पूरी की जाए और चौथी मांग है कि इनको सुरक्षा प्रदान की जाए। इसके साथ ही केजरीवाल ने पाकिस्तान को हड़काते हुए कहा कि हम पाकिस्तान को बताना चाहते हैं कि वह छिछोरी हरकत करना बंद करे। कश्मीर को कोई भी भारत से अलग नहीं कर सकता। कश्मीर भारत का था, भारत का है और हमेशा भारत का ही रहेगा। इसको हासिल करने का ख्वाद देखना छोड़ दो।
कश्मीर में हिंदुओं को बना जा रहा निशना-
कश्मीर में पिछले साल 8 जून को सरपंच अजय पंडित की हत्या से टारगेट किलिंग का सिलसिला शुरू हुआ था। इसके बाद 5 अक्टूबर को श्रीनगर के केमिस्ट एमएल बिंद्रू की हत्या कर दहशत फैला दी गई। दो दिन के बाद ही यानी 7 अक्टूबर को आतंकियों ने एक स्कूल की प्रिंसिपल सतिंदर कौर और टीचर दीपक चंद की हत्या कर दी। मई में टारगेट किलिंग की 8 घटनाएं सामने आईं। रजनी बाला की हत्या से पहले 12 मई को आतंकियों ने बड़गाम में दफ्तर में घुसकर राजस्व अधिकारी राहुल भट्ट की हत्या कर दी थी। इस खौफनाक मंजर ने सभी कर्मचारियों को डरा कर रख दिया है।