5 Dariya News

भाजपा की नफरत की राजनीति से भारत का नाम दुनियाभर में हो रहा है शर्मसार : मालविंदर सिंह कंग

रब देशों में भारतीय राजदूतों को तलब किया जा रहा है, हिंदुस्तान को माफी मांगने के लिए कहा जा रहा है : मलविंदर सिंह कंग

5 Dariya News

चंडीगढ़ 06-Jun-2022

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की घृणा और विभाजनकारी राजनीति ने आज देश और दुनिया को शर्मसार कर दिया है। अरब देशों की सरकारें भारतीय राजदूतों को तलब कर रही हैं और भारत से माफी मांगने को कह रही हैं, जो लोकतांत्रिक और सांप्रदायिक सद्भाव वाले देश के लिए बेहद निराशाजनक है। उक्त बातें आम आदमी पार्टी, पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए कही। कंग ने कहा कि बीजेपी नेताओं ने पैगंबर मुहम्मद साहब और उनकी पत्नी के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी जिस कारण देश में जहां दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक दंगे हुए, वहीं इस्लामिक देशों ने भाजपा नेताओं की इन टिप्पणियों की सख्त आलोचना की है।

कंग ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीम राव अम्बेडकर द्वारा बनाए संविधान की बदौलत देश चल रहा है। उनके संविधान के अनुसार देश में विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों को मानने वालों को पूजा करने और  किसी भी संस्कृति को अपनाने की पूर्ण स्वतंत्रता है। यही हमारे देश की खूबसूरती है और सांप्रदायिक सौहार्द की नींव है।" भाजपा की इस गंदी राजनीति ने न केवल देश के विभिन्न समुदायों को प्रभावित किया है, बल्कि इसका प्रभाव अब देश के बाहर भी महसूस किया जा रहा है। इस घटना से भारत का सिर पूरी दुनिया के सामने झुका है।

कंग ने कहा कि भाजपा नेता नुपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल द्वारा पैगंबर मुहम्मद और उनकी पत्नी के खिलाफ की गई टिप्पणियों ने दुनिया भर के मुसलमानों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। इसलिए ओमान, कतर, ईरान और कुवैत जैसे इस्लामिक देशों ने भारत की तीखी आलोचना की है और भारतीय राजदूतों को समन जारी किया है। उन्होंने कहा कि देश में अन्य संप्रदायों और धार्मिक मान्यताओं के प्रति घृणा की गंदी राजनीति के कारण अरब जगत में लाखों भारतीयों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और  उनका रोजगार भी खतरे में पड़ गया है।

आप नेता ने कहा कि दुनिया भर में भारतीयों के प्रति बढ़ती नफरत के लिए भाजपा पूरी तरह जिम्मेदार हैं। भाजपा की घृणास्पद और विभाजनकारी राजनीति से देश के संविधान और सांप्रदायिक सौहार्द को बुरी तरह से क्षति पहुंची है। कंग ने कहा कि भाजपा को दुनिया के सामने भारत का नाम खराब करने के लिए देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए और मोहम्मद पैगंबर का अपमान करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।