CM भगवंत मान का एक्शन: अपने ही मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त किया.. ठेकेदार से मांगी थी रिश्वत

5 Dariya News

CM भगवंत मान का एक्शन: अपने ही मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त किया.. ठेकेदार से मांगी थी रिश्वत

5 Dariya News

चण्डीगढ़ 24-May-2022

पंजाब से एक बड़ी खबर आ रही है। CM भगवंत मान ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ। विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया है। सिंगला पर रिश्वत लेने के आरोप लगे हैं, जिसके बाद उन्हें मंत्रिमंडल बाहर निकाल दिया गया है। इतना ही नहीं भगवंत मान ने पुलिस को भी निर्देश दिए हैं कि सिंगला के खिलाफ तुरंत एक्शन लिया और मामला दर्ज किया जाए। CM भगवंत मान ने कहा- मेरे ध्यान में एक केस आया। इस केस में मेरी सरकार का मंत्री शामिल था। एक ठेके में मेरी सरकार का मंत्री 1% कमीशन मांग रहा था। इस केस का सिर्फ मुझे पता था। इस केस को दबाया जा सकता था। लेकिन ऐसा करना पंजाब की जनता के साथ धोखा होता।

इसलिए मैं उस मंत्री के खिलाफ एक्शन ले रहा हूं। मेरे पास इस मामले के पुख्ता सबूत हैं इसलिए तुरंत एक्शन लिया जा रहा है। मंत्री का नाम विजय सिंगला है और उनके खिलाफ पुलिस को केस दर्ज करने का निर्देश दे दिया गया है।आपकी जानकारी के लिए बता दें कि विजय सिंगला ने 10 साल पहल AAP ज्वॉइन की थी। इस बार के पंजाब विधानसभा चुनाव में विजय सिंगला ने मानसा से प्रसिद्ध गायक और कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धू मूसेवाला को 60,000 से अधिक वोटों से हराया था। खबर ये है कि विजय सिंगला ने ठेके के आवंटन में कॉन्ट्रैक्टर से 1% कमीशन की मांग रखी थी। उनके खिलाफ पक्के सबूत मिलने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने का फैसला लिया।

अपने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा, अरविंद केजरीवाल ने मुझे कहा था कि मैं एक पैसे की रिश्तखोरी, बेईमानी बर्दाश्त नहीं करूं। मैंने उन्हें वचन दिया था ऐसा नहीं होगा। हम आंदोलन से निकले हुए लोग हैं, और वह आंदोलन भ्रष्टाचार के खिलाफ था। गलत काम करने वाले को किसी भी सूरत में माफ नहीं किया जाएगा। पंजाब में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी मुख्यमंत्री ने अपने ही मंत्री को भ्रष्टाचार के मामले में बर्खास्त कर दिया हो। आपको जानकारी होगी कि पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार को लेकर भी सत्ताधारी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला था। पार्टी ने सिस्टम में गहराई तक जड़े जमाए बैठे भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने के वादे किए थे। अब AAP अपने इस वादे को पूरा करने में लगी है। फिर चाहे अपनी ही पार्टी का नेता या मंत्री क्यों ना हो। जो भ्रष्टाचार करेगा, रिश्वत लेगा उसके माफ नहीं किया जाएगा।