ज्ञानवपी मस्जिद मामला: मुस्लिम पक्ष ने कहा- शिवलिंग में छेद नहीं होता… वो एक फव्वारा है
5 Dariya News
उत्तर प्रदेश 17-May-2022
ज्ञानवापी मस्जिद पर पूरे देश में बवाल मच गया है। मस्जिद के नीचे शिवलिंग मिलने के दावे के बाद तो मामला और भी तूल पकड़ रहा है। याचिकाओं पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने सर्वे का आदेश दिया। सर्वे हुआ तो शिवलिंग मिलने का दावा भी किया गया। लेकिन मुस्लिम पक्ष का कहना है कि यह फव्वारा है। ज्ञानवापी में जिस जगह शिवलिंग मिलने का दावा किया है, वहां का वीडियो सामने आया है। ज्ञानवापी का ये वीडियो पुराना जरूर है, लेकिन उसी जगह का है, जिसे लेकर अपने-अपने दावे हो रहे हैं। हिंदू पक्ष इसे शिवलिंग बता रहा है, जो 3 फीट ऊंचा है वहीं मुस्लिम पक्ष इसे फव्वारा बोल रहे हैं।हिंदू पक्ष के वकील विष्णु जैन ने एक चैनल पर अपने मोबाइल फोन पर वजूखाने का इलाका दिखाया, जहां शिवलिंग मिलने का दावा किया जा रहा है। वहीं मुस्लिम पक्ष का दावा है कि जिसे शिवलिंग बताया जा रहा है, दरअसल वह फुव्वारा है। AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने यहां तक कह दिया कि ऐसे फुव्वारे हर मस्जिद में होते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सोमवार को ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे के आखिरी दिन सिर्फ 2 घंटे सर्वे हुआ।
सर्वे नंदी की मूर्ति के सामने उस जगह पर हुआ, जहां शिवमंदिर का दावा किया जा रहा था। यहां मस्जिद का वजूखाना है। पानी निकालने पर जो मिला, उसे देख हिंदू पक्ष उछल पड़े। शिवलिंग का दावा करते हुए हर-हर महादेव के नारे लगाने लगे।सबसे बड़ा दावा तो ज्ञानवापी मस्जिद की मुख्य गुम्बद की दीवार को लेकर किया गया। हिंदू पक्ष का कहना है कि यही मंदिर का गर्भगृह था, जिसे औरंगजेब ने तोड़ दिया। अगर इस दीवार में लगे इस दरवाजे को हटा दिया जाए तो कोई भी गर्भगृह में जा सकता है। ज्ञानवापी केस ही मंदिर-मस्जिद का मामला है। अर्जी भी इसी पर है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जिन 5 महिलाओं की अर्जी के बाद सर्वे का आदेश हुआ, उन याचिका में भी शिव मंदिर-शिवलिंग का दावा किया गया है। 5 महिलाओं की अर्जी में कहा गया है कि तहखाने में शिवलिंग की संभावना है। साथ ही गणपति के होने का दावा किया गया।
अब तक क्या हुआ-
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद में सर्वे तो खत्म हो गया, लेकिन दावों पर तूफान खड़ा हो गया। तीसरे और आखिरी दिन सर्वे का काम पूरा करते ही जैसे ही टीम बाहर आई तो हिंदू पक्ष शिवलिंग मिलने का दावा करने लगे। हिंदू पक्ष के मुताबिक, जैसे ही वजूखाने का पानी निकाला गया, सभी झूम उठे, क्योंकि वहां 12.8 फीट व्यास का शिवलिंग था।आपको बताते चलें कि इससे पहले सर्वे की टीम जब ज्ञानवापी मस्जिद के अंदर जा रही थी, तब टीम के सदस्य आर पी सिंह को रोक लिया गया था। उन्हें आज तीसरे दिन के सर्वे में शामिल नहीं होने दिया गया। आर पी सिंह को अंदर ना जाने देने की वजह ये है कि उन्होंने सूचनाएं लीक की थी। सिंह पर सर्वे की बातों को बाहर बताने के आरोप लगे हैं।वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर कोर्ट ने 12 मई को बड़ा फैसला सुनाया था। कोर्ट ने ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे के लिए नियुक्त किए गए एडवोकेट कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा को हटाए जाने से इनकार कर दिया था।