ज्ञानवापी मस्जिद में मिला 12.8 फीट का शिवलिंग...कोर्ट का आदेश- शिवलिंग वाली जगह को तुरंत सील करो
5 Dariya News
उत्तर प्रदेश 16-May-2022
ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे के बाद मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। हिंदू पक्ष के वकील विष्णु जैन ने दावा किया है कि कुएं के अंदर सर्वे के दौरान शिवलिंग मिला है। वो शिवलिंग की प्रोटेक्शन लेने सिविल कोर्ट गए थे। इस सारी प्रक्रिया के बाद कोर्ट ने आदेश जारी कर लिया है कि मस्जिद में जहां भी शिवलिंग मिला है उस जगह हो तुरंत सील कर दिया जाए। कोई भी व्यक्ति अंदर नहीं जाना चाहिए। वाराणसी कोर्ट ने जिलाधिकारी को आदेश देते हुए कहा कि जिस स्थान पर शिवलिंग प्राप्त हुआ है, उस स्थान को तत्काल प्रभाव से सील कर दें और किसी भी व्यक्ति को अंदर नहीं जाने दिया जाए। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और सीआरपीएफ को दी गई है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद में सर्वे तो खत्म हो गया, लेकिन दावों पर तूफान खड़ा हो गया। तीसरे और आखिरी दिन सर्वे का काम पूरा करते ही जैसे ही टीम बाहर आई तो हिंदू पक्ष शिवलिंग मिलने का दावा करने लगे। हिंदू पक्ष के मुताबिक, जैसे ही वजूखाने का पानी निकाला गया, सभी झूम उठे, क्योंकि वहां 12.8 फीट व्यास का शिवलिंग था।आपको बताते चलें कि इससे पहले सर्वे की टीम जब ज्ञानवापी मस्जिद के अंदर जा रही थी, तब टीम के सदस्य आर पी सिंह को रोक लिया गया था। उन्हें आज तीसरे दिन के सर्वे में शामिल नहीं होने दिया गया। आर पी सिंह को अंदर ना जाने देने की वजह ये है कि उन्होंने सूचनाएं लीक की थी।
सिंह पर सर्वे की बातों को बाहर बताने के आरोप लगे हैं।वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर कोर्ट ने 12 मई को बड़ा फैसला सुनाया था। कोर्ट ने ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे के लिए नियुक्त किए गए एडवोकेट कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा को हटाए जाने से इनकार कर दिया था। हालांकि, अदालत ने कोर्ट कमिश्नर अजय मिश्रा के अलावा विशाल कुमार सिंह को भी कोर्ट कमिश्नर नियुक्त कर दिया था। इसके अलावा अजय सिंह को असिस्टेंट कमिश्नर बनाया गया था। कोर्ट ने 17 मई तक सर्वे की कार्रवाई पूरी करके रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा था।पिछले कल यानी रविवार को भी ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वे हुआ था। दूसरे दिन सर्वे का काम 12 बजे पूरा होना था, लेकिन सर्वे निर्धारित समय से अधिक वक्त तक चला। आपको बताते चलें कि दूसरे दिन ज्ञानवापी मस्जिद के गुंबदों और दीवारों का सर्वे हुआ था। नमाज वाली जगह पर हालनुमा बड़े कमरे की छत से लेकर फर्श की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी हुई। यहां भी चौकाने वाली कई चीजें थीं।