CM उद्धव में हिम्मत है तो हनुमान चालीसा पढ़ें, नहीं तो औरंगजेब की कब्र पर फूल चढ़ाएं: नवनीत राणा
5 Dariya News
नई दिल्ली 14-May-2022
नवनीत राणा उद्धव ठाकरे को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। उन्होंने एक बार फिर हनुमान चालीसा को बहस का मुद्दा बना लिया है। महाराष्ट्र के अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा ने शनिवार को दिल्ली के CP स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हुनमान चालीसा का पाठ किया। दोनों 2.5 किलोमीटर पैदल चलकर 8.30 बजे मंदिर पहुंचे थे।वहीं दूसरी ओर आज मुंबई में शिवसेना की ओर से मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे एक रैली करने वाले हैं। इसे लेकर राणा दंपती ने उन्हें चैलेंज किया है। नवनीत राणा ने कहा है कि आज हिम्मत है तो सीएम उद्धव ठाकरे हनुमान चालीसा के साथ अपनी रैली शुरू करें, नहीं तो औरंगजेब की कब्र पर जाकर फूल चढ़ाएं। आपकी जानकरी के लिए बता दें कि सांसद नवनीत राणा सीएम उद्धव ठाकरे के घर 'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान कर राजद्रोह का आरोप झेल रही हैं। नवनीत राणा अपने पति के साथ आज दिल्ली के कनाट प्लेस में स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा और आरती के लिए पहुंची हुई हैं।
#WATCH | Amravati MP Navneet Rana recites Hanuman Chalisa at Hanuman Temple, CP in Delhi. Her husband & Maharashtra MLA Ravi Rana also present with her.
They were arrested in April and later released on bail over the row to recite Hanuman Chalisa outside Maharashtra CM's house. pic.twitter.com/9yQZHkqlMt
क्या है पूरा मामला-
नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा को 23 अप्रैल को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दोनों की गिरफ्तारी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने के विवाद में हुई थी। तब से राणा दंपती न्यायिक हिरासत में थे और 2 बार हाईकोर्ट उनकी जमानत याचिका को खारिज कर चुका था। राणा दम्पति ने उद्धव ठाकरे के घर 'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान किया था। राणा दम्पति के इस ऐलान के बाद उनके घर के बाहर भारी संख्या में शिवसैनिक जुट गए थे। उन्होंने दिनभर राणे दंपत्ति के घर के बाहर हंगामा किया। शिवसैनिकों ने राणे दम्पति पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। पुलिस में दर्ज करवाई गई शिकायत में शिवसैनिकों ने कहा था कि उनके लिए मातोश्री मंदिर की तरह है। इसके बाद नवनीत राणा और उनके पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
राणा दंपती को 12 दिन जेल में रहने के बाद कोर्ट से जमानत मिल थी। जमानत देते समय अदालत ने कई शर्तें भी रखी थीं, जिनका उल्लंघन करते हुए जमानत रद्द की जा सकती थी। ऐसी ही एक शर्त में यह भी शामिल है कि नवनीत राणा और उनके पति मामले को लेकर मीडिया में कोई बयान जारी नहीं कर सकते। हालांकि नवनीत राणा ने अस्पताल से छुट्टी मिलते ही मीडिया से बात की और गिरफ्तारी को लेकर बयान दिया। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बीते दिनों संजय राउत ने नवनीत राणा पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मीडिया से कहा था कि जो भी शिवसेना और मातोश्री की ओर आंख उठाकर देखेगा, उन्हें जमीन के 20 फीट नीचे गाड़ दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने कहा कि उनके साथ जेल में महाराष्ट्र के अधिकारियों द्वारा किए गए कथित खराब बर्ताव के मुद्दे को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष उठाएंगे इसलिए वो दिल्ली जा रही हैं। इन दिनों नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा दिल्ली में हैं और लगातार उद्धव ठाकरे पर जुबानी वार कर रहे हैं।