5 Dariya News

आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को मिला नया प्रधानमंत्री… रानिल विक्रमसिंघे होंगे नए PM

5 Dariya News

12-May-2022

श्रीलंका से एक बड़ी खबर आ रही है। आर्थिक संकट से जूझ रहे इस देश को एक नया प्रधानमंत्री मिल गया है। रानिल विक्रमसिंघे श्रीलंका के नए पीएम घोषित कर दिए गए हैं। राष्ट्रपति की तरफ से उन्हें पीएम बनने के लिए शुभकामनाएं भी दे दी गई हैं। इससे पहले खबर आ रही थी कि प्रधानमंत्री पद की  रेस में विपक्षी पार्टी के ही नेता साजिथ प्रेमदासा आगे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति राजपक्षे को अपनी तरफ से एक चिट्ठी भी लिख दी थी। लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं। अब श्रीलंका को आर्थिक संकट के बाहर निकालने की जिम्मेदारी रानिल विक्रमसिंघे की होने वाली है।रानिल विक्रमसिंघे यूनाइटेड नेशनल पार्टी के चीफ हैं और उनका एक लंबा रानजीतिक करियर रहा है। ऐसे में इस मुश्किल समय में उन्हें प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी मिलना काफी मायने रखता है। खबर ये भी है कि प्रधानमंत्री बनाए जाने से पहले रानिल विक्रमसिंघे की राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे से अकेले में एक मुलाकात हुई थी। उस मुलाकात के बाद ही उनके नाम पर मुहर लगी थी।

पूर्व प्रधानमंत्री का घर जलाया गया-

श्रीलंका में हालात बद से बदतर होते जा रहे थे। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि श्रीलंका के PM महिंदा राजपक्षे को सोमवार को इस्तीफा देना पड़ा। आर्थिक संकटों से जूझ रहे श्रीलंका में काफी लंबे समय से विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। गुस्से में प्रदर्शनकारी राजपक्षे से इस्तीफे की मांग कर रहे थे। वहीं प्रदर्शनकारियों ने पूर्व PM महिंदा राजपक्षे के घर को भी आग के हवाले दर दिया था। श्रीलंका की अर्थव्यवस्था ध्वस्त होने के कारण राजपक्षे चौतरफा आलोचनाओं से घिरे थे।