BJP सांसद की हुंकार- राज ठाकरे को अयोध्या में गुसने नहीं दूंगा, वो उत्तर भारतीयों से माफी मांगे

5 Dariya News

BJP सांसद की हुंकार- राज ठाकरे को अयोध्या में गुसने नहीं दूंगा, वो उत्तर भारतीयों से माफी मांगे

5 Dariya News

महाराष्ट्र 05-May-2022

महाराष्ट्र में राज ठाकरे ने लाउडस्पीकर के खिलाफ मोर्चा खोला है वहीं दूसरी ओर UP में BJP सासंद बृजभूषण शरण सिंह ने राज ठाकरे को अयोध्या में नहीं घुसने देने का ऐलान कर दिया है। बृजभूषण शरण सिंह ने साफ कहा है कि अयोध्या आने से पहले राज ठाकरे को उत्तर भारतीयों से हाथ जोड़कर माफी मांगनी होगी। उन्होंने CM योगी को भी सलाह दी है कि जब तक राज ठाकरे माफी नहीं मांग लेते उनसे मुलाकात नहीं करनी चाहिए। बृजभूषण शरण सिंह यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा- राम मंदिर आंदोलन से ठाकरे परिवार का कोई लेना देना नहीं है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राज ठाकरे 5 जून को अयोध्या में रामलला का दर्शन करने के लिए आने वाले हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने राज ठाकरे के खिलाफ ऐसे समय पर मोर्चा खोला है जब राज ठाकरे ने हाल ही में धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाने के लिए योगी सरकार की तारीफ की है। महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर विवाद को जन्म देने वाले राज ठाकरे से भाजपा की नजदीकी बढ़ने की चर्चा है। लेकिन भाजपा उनसे हाथ मिलाने से कतरा रही है। भाजपा को आशंका है कि महाराष्ट्र में राज ठाकरे से दोस्ती का उत्तर भारत में नुकसान हो सकता है। 

क्यों नाराज है बृजभूषण शरण सिंह

राज ठाकरे यूपी और बिहार के लोगों पर महाराष्ट्र में जाकर लोगों की नौकरी छीनने और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप लगाते रहे हैं। जब शिवसेना में राजनीतिक हैसियत को लेकर संग्राम छिड़ा और राज ठाकरे को लगने लगा कि अब उनका करियर सुरक्षित नहीं है या आगे की राजनीतिक राह मुश्किल हो जाएगी तो उन्होंने अलग रास्ता चुना। राज ठाकरे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना नाम की पार्टी बनाई और उसे उसी आधार पर बढ़ाना शुरू किया जिस तरह से शिवसेना बढ़ी थी। राज ठाकरे ऐलान करने लगे कि महाराष्ट्र का विकास उत्तर भारतीय की वजह से रुक रहा है। उन्होंने नौकरियों पर कब्जा कर लिया है इसलिए महाराष्ट्र के लोगों को नौकरी नहीं मिल रही। उनका विरोध इतना उग्र हुआ कि महाराष्ट्र में हिंसा होने लगी। उत्तर भारतीयों को निशाना बनाया गया। बस इसी के बाद से उत्तर भारतीय राज ठाकरे पसंद नहीं करते। सासंद बृजभूषण शरण सिंह की नाराजगी का भी यही कारण है।