केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एलपीयू को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की फर्स्ट रनर-अप ट्रॉफी प्रदान की
यह अवसर था बेंगलुरु में भारत के सबसे बड़े खेल उत्सव- खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2021 के शानदार समापन समारोह का
5 Dariya News
जालंधर 04-May-2022
भारत के केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की फर्स्ट रनर यूपी ट्रॉफी प्रदान की। यह अवसर बेंगलुरु (कर्नाटक) में आयोजित भारत के सबसे बड़े खेल उत्सव- खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2021 के शानदार समापन समारोह का था। एलपीयू की टीम ने सर्वाधिक 51 पदक जीते (17 स्वर्ण, 15 रजत, 19 कांस्य); ओवरआल विजेता से भी 19 पदक आगे है। ये खेल 'वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स' के लिए क्वालीफायर के रूप में काम करेंगे, जो वर्तमान में चेंगदू (चीन) में होने वाले हैं। खेलों के अंतरराष्ट्रीय ढांचे पर आधारित इस 10-दिवसीय दूसरे संस्करण में 20 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें भारत भर के 208 विश्वविद्यालयों के 3900 प्रतिभागियों ने भाग लिया। एलपीयू के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित एथलीटों और ओलंपियंस सहित स्टार भागीदारी के बीच अपनी उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया। डिफेंडिंग चैंपियन पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ तीसरे स्थान पर रही।
सभी को संबोधित करते हुए, माननीय गृह मंत्री श्री शाह ने इन खेलों के माध्यम से प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के रोडमैप के बारे में साझा किया कि वर्ष 2047 तक, देश के 100वें स्वतंत्रता दिवस पर, भारत ओलंपिक में शीर्ष पांच देशों में शामिल होगा। एलपीयू के चांसलर डॉ अशोक मित्तल ने सभी खिलाड़ियों और उनके मेंटर्स को उनकी गौरवपूर्ण उपलब्धियों के लिए बधाई दी। ओडिशा में आयोजित इन्ही खेलों के पहले संस्करण के निम्न रैंक के परिणामों की याद करते; डॉ. मित्तल ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच इस बार मिली शानदार उपलब्धियों की भरपूर सराहना की। उन्होंने यह भी साझा किया कि "नीरज चोपड़ा, मनप्रीत सिंह और अन्य सहित कई ओलंपियन अंतरराष्ट्रीय गौरव प्राप्त कर हमें पहले ही गौरवान्वित कर चुके हैं। इस तरह की जीत हमें लगातार दुनिया के शीर्ष कुछ विश्वविद्यालयों में शामिल करने के लिए निरंतर प्रेरित करती रहती हैं |" डॉ मित्तल ने यह भी आश्वासन दिया कि एलपीयू देश के शीर्ष नेताओं की उम्मीदों पर खरा उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
पदकों के अलावा, एलपीयू पहले ही जूडो, बॉक्सिंग और एथलेटिक स्पर्धाओं सहित कई खेलों में ओवरआल ट्राफियां जीत चुका है। एलपीयू की महिला जूडो टीम कुल मिलाकर दूसरे स्थान पर; जबकि, पुरुष टीम तीसरे स्थान पर रही । बॉक्सिंग में एलपीयू के पुरुष तीन स्वर्ण और दो रजत के साथ चैंपियन हैं। इसी तरह एथलेटिक स्पर्धाओं में एलपीयू के पुरुष ओवरआल दूसरे और महिलाएं तीसरे स्थान पर हैं। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर; कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई; राज्य के खेल मंत्री नारायण गौड़ा भी मौजूद रहे। यहां, 10,000 से अधिक खिलाड़ी, स्टूडेंट्स और खेल समर्थक इस समारोह में शामिल हुए, जबकि दुनिया भर में लाखों खेल प्रेमियों ने इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देखी। ये गेम्स जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने और देश भर से युवा प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए भारत सरकार की खेलो इंडिया पहल का एक हिस्सा है। इस संस्करण में दो स्वदेशी खेलों- योगासन और मल्लखंब को भी शामिल किया गया है । दुती चंद, श्रीहरि नटराज, ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर और दिव्यांश सिंह पंवार जैसे कई ओलंपियन सहित शीर्ष भारतीय एथलीटों ने इन गेम्स में भाग लिया। एलपीयू के खिलाड़ी ने एक प्रतियोगिता में ओलिंपियन ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर को भी हराया।