बड़ी खबर: भारत को मिले नए आर्मी चीफ, जनरल मनोज पांडे ने संभाली कमान,ऑपरेशन पराक्रम में थे कमांडर
मनोज कुमार पांडे 29वें थल सेना प्रमुख बन गए हैं। भारतीय सेना में ऐसा पहली बार हो रहा है जब सेना की इंजीनियर कोर के किसी अधिकारीक को थलसेना की कमान सौंपी जा रही है।
5 Dariya News
दिल्ली 30-Apr-2022
भारतीय सेना के पराक्रमी लेफ्टीनेंट जनरल मनोज पांडे आज देश के नए सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाल चुके हैं। मनोज कुमार पांडे 29वें थल सेना प्रमुख बन गए हैं। भारतीय सेना में ऐसा पहली बार हो रहा है जब सेना की इंजीनियर कोर के किसी अधिकारीक को थलसेना की कमान सौंपी जा रही है। इससे पहले 28 बार तक पैदल सेना, तोपखाना और बख्तरबंद रेजिमेंट के अधिकारी ही भारतीय थल सेना के प्रमुख बनते रहे हैं। जनरल मनोज पांडे ने एमएम नरवणे की जगह ली।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जनरल मनोज पांडे इससे पहले ईस्टर्न कमांड के कमांडिंग ऑफिसर रह चुके हैं और अंडमान एंड निकोबार कमांड के कमांडर इन चीफ का पद भी संभाल चुके हैं। जनरल मनोज पांडे परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल हासिल कर चुके हैं।
जनरल पांडे का परिवार नागपुर से है। शुरुआती स्कूलिंग के बाद जनरल मनोज पांडे ने नेशनल डिफेंस अकेडमी ज्वाइन की। एनडीए के बाद उन्होंने IMA जॉइन की और बतौर अफसर कमीशन लिया। उन्होंने 3 मई 1987 को सरकारी डेंटल कॉलेज की गोल्ड मेडलिस्ट अर्चना सल्पेकर से शादी की।
जनरल मनोज पांडे को दिसंबर 1982 में बॉम्बे सैपर्स में कमीशन मिला, जो कॉर्प्स ऑफ इंजीनियर्स की एक रेजिमेंट है। वह ब्रिटेन के कैमबर्ले के स्टाफ कॉलेज का भी हिस्सा रहे हैं। कोर्स पूरा होने के बाद वह भारत लौट आए और पूर्वोत्तर भारत की माउंटेन ब्रिगेड के ब्रिगेड मेजर नियुक्त किए गए। लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर पहुंचने के बाद उन्होंने इथियोपिया और इरिट्रिया में यूनाइटेड नेशन्स मिशन में बतौर चीफ इंजीनियर काम किया।
जनरल मनोज पांडे जम्मू-कश्मीर में एलओसी पर 117 इंजीनियर रेजिमेंट की अगुआई भी कर चुके हैं। ऑपरेशन पराक्रम के दौरान वह रेजिमेंट कमांडर थे। फिर उन्होंने आर्मी वॉर कॉलेज, महू में दाखिला लिया और हायर कमांड कोर्स पूरा किया। इसके बाद उन्हें हेडक्वॉर्टर 8 माउंटेन डिवीजन में कर्नल नियुक्त किया गया।