भाजपा विधायक ने दिग्विजय सिंह को कहा 'जिन्ना की औलाद', बोले- लोगों को भड़काने का काम बंद करो

5 Dariya News

भाजपा विधायक ने दिग्विजय सिंह को कहा 'जिन्ना की औलाद', बोले- लोगों को भड़काने का काम बंद करो

दिग्विजय सिंह को भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने जिन्ना की औलाद कहा है, और कहा है कि जिन्ना की औलाद बनकर भड़काने का काम ना करें। मुसलमानों के प्रवक्ता बनकर उन्हें बिकाऊ बताने की कोशिश की जा रही है।

5 Dariya News

भोपाल 28-Apr-2022

कहते हैं राजनीति में मुर्दे भी बड़े काम के होते हैं। इसलिए ये कभी गाड़े नहीं जाते। इसे हमेशा जिंदा रखा जाता है। ताकि सही वक्त पर काम आ सके। जी हां खरगोन दंगों की आग धीरे-धीरे शांत हो रही है लेकिन नेताओं के बयानों से राजनीति में यह मुद्दा खत्म होता नहीं दिख रहा। दिग्विजय सिंह को भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने जिन्ना की औलाद कहा है, और कहा है कि जिन्ना की औलाद बनकर भड़काने का काम ना करें। मुसलमानों के प्रवक्ता बनकर उन्हें बिकाऊ बताने की कोशिश की जा रही है। 

दिग्विजय सिंह ने खरगोन दंगों में भाजपा द्वारा मुसलमानों को पैसा देकर पत्थर फिंकवाने की बात कही थी जिसको लेकर राजनीति गरमाई हुई है। भाजपा के हिंदूवादी नेता व विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह को नसीहत दे डाली है कि वे जिन्ना की औलाद बनकर हिंदू-मुसलमानों को भड़काने की कोशिश नहीं करें। वे दोनों के संबंधों के बीच गहरी खाई पैदा करने में लगे हैं। बिना तथ्यों की जांच के खरगोनों में मस्जिद पर भगवा झंडा लहराने की गलत फोटो पोस्ट करने के बाद वे भाजपा के पैसे देकर पत्थर फिंकवाने के आरोप लगा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि वे संभल जाएं क्योंकि इसके पहले भी उनके पाकिस्तान से चैट और संबंधों को पकड़ा जा चुका है तो जाकिर नायक से दोस्ती भी उजागर हो चुकी है। 

इतना ही नहीं भाजपा विधायक शर्मा ने आरोप लगाया है कि दिग्विजय सिंह आतंकवाद को पनाह दे रहे हैं और उन्हें पाल रहे हैं। संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि गरीब मुसलमान होते हैं तो गरीब हिंदू भी होते हैं तो क्या कभी गरीब हिंदू ने पत्थर फेंका है। इसका मतलब है कि कश्मीर में भी पाकिस्तान से पैसा लेकर पत्थर फेंके जाते थे। शर्मा ने मुसलमानों से अपील की कि वे दिग्विजय सिंह से जवाब मांगें कि कैसे उन्हें बिकाऊ कह रहे हैं।

भाजपा नेता रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह के इस बयान पर उप राष्ट्रपति से मांग की है कि वे उनकी राज्यसभा की सदस्यता समाप्त करें क्योंकि वे लगातार झूठे बयान दे रहे हैं। साथ ही कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से भी मांग की है कि दिग्विजय सिंह को पार्टी से निकालें।

क्या है पूरा मामला

कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने BJP पर जमकर हलमा बोला था और बड़ा आरोप लगाया था। दिग्विजय सिंह ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी वाले पत्थरबाजी करने के लिए गरीब मुसलमानों को काम पर रख रही थी। खुद पत्थरबाजी करवाती है और फिर कहती हैं कि मुसलमानों ने ये काम किया है। बीजेपी गरीब मुसलमान लड़कों को पैसे देकर खुद ही उनसे पत्थर फिंकवाती है। ये बीजेपी का पैंत्रा है जिसमें गरीब मुसलमान पैसों की जरूरत के चलते फंस जाते हैं।