एलन मस्क का हुआ Twitter, टेस्ला के मालिक ने 44 अरब डॉलर में खरीदा

5 Dariya News

एलन मस्क का हुआ Twitter, टेस्ला के मालिक ने 44 अरब डॉलर में खरीदा

दुनिया के सबसे अमीर शख्स में शामिल और टेस्ला के CEO Elon Musk ने आखिरकार Twitter को खरीद लिया। कंपनी की तरफ से इस सौदे को लेकर जानकारी दी गई। कंपनी ने बताया कि 44 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब 3368 अरब रुपये में यह सौदा हुआ है।

5 Dariya News

दिल्ली 26-Apr-2022

दुनिया के सबसे अमीर शख्स में शामिल और टेस्ला के CEO Elon Musk ने आखिरकार  Twitter को खरीद लिया। कंपनी की तरफ से इस सौदे को लेकर जानकारी दी गई। कंपनी ने बताया कि 44 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब 3368 अरब रुपये में यह सौदा हुआ है। ट्विटर के इंडिपेंडेंट बोर्ड के चेयरमैन ब्रेट टेलर ने भारतीय समय के मुताबिक रात 12 बजकर 24 मिनट पर एक प्रेस रिलीज में मस्क के साथ हुई डील के बारे में जानकारी दी। वहीं मस्क को ट्विटर के हर शेयर के लिए 54.20 डॉलर (4,148 रुपए) चुकाने होंगे। मस्क के पास पहले से ही ट्विटर में 9% की हिस्सेदारी मौजूद है। वे ट्विटर के सबसे बड़े शेयर होल्डर हैं। ताजा डील के बाद उनके पास कंपनी की 100% हिस्सेदारी होगी और ट्विटर उनकी प्राइवेट कंपनी बन जाएगी।

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क के मालिकाना हक वाली कंपनी बनने के बाद ट्विटर के सभी शेयर होल्डर्स को हर शेयर के बदले 54.20 डॉलर यानी 4,148 रुपए कैश मिलेंगे। शेयर की यह कीमत मस्क के ट्विटर में 9% की हिस्सेदारी का खुलासा करने से पहले के मुकाबले 38% ज्यादा है।

मस्क ने पिछले हफ्ते कहा था कि उन्होंने ट्विटर को खरीदने के लिए 46.5 बिलियन डॉलर के फाइनेंस का इंतजाम किया है। इसके बाद ट्विटर के बोर्ड ने मस्क के ऑफर पर नए सिरे से विचार किया। रविवार को मस्क के ऑफर पर चर्चा के लिए ट्विटर के बोर्ड की अहम बैठक भी हुई थी। सोमवार देर शाम को यह खबर आई थी कि ट्विटर के बोर्ड ने मस्क का ऑफर मंजूर कर लिया है। ऐसे में यह लगभग तय हो गया था कि मस्क ही ट्विटर के नए मालिक होंगे। 

शेयर 6% उछला

सोमवार को दिनभर एलन मस्क के ट्विटर को खरीदने के बारे में चर्चाएं चलती रहीं। इससे ट्विटर के शेयर में 6% का उछाल आया था। मस्क के हाथों में आने के बाद लोगों को कंपनी में बड़ी ग्रोथ की उम्मीद है। खुद मस्क भी कह चुके हैं कि ट्विटर में काफी पोटेंशियल है। डील फाइनल हो जाने के बाद मस्क ने एक ट्वीट किया- उम्मीद है कि मेरे सबसे खराब आलोचक भी ट्विटर पर बने रहेंगे, क्योंकि फ्री स्पीच का यही मतलब है।

ये बात तो आप जानते ही होंगे कि एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी हैं। वे फ्रीडम ऑफ स्पीच के तरफदार हैं। ट्विटर को खरीदने की अपनी मंशा के पीछे भी उन्होंने यही वजह बताई थी कि इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फ्रीडम ऑफ स्पीच खतरे में है और वे सुनिश्चित करना चाहते हैं कि यह बनी रहे। 

इतने एक्टिव यूजर्स

ट्विटर आज कितना जरूरी है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दुनियाभर में इसके 21.7 करोड़ एक्टिव यूजर्स हैं। इनमें सबसे ज्यादा 7.7 करोड़ अमेरिका में हैं। दूसरे नंबर जापान है, जहां 5.8 करोड़ लोग ट्विटर इस्तेमाल करते हैं। वहीं, 2.4 करोड़ यूजर्स के साथ भारत का नंबर तीसरा है।

दुनियाभर में हर दिन करीब 50 करोड़ ट्वीट किए जाते हैं। खास बात यह है कि ट्विटर के 38% यूजर्स युवा हैं। इनकी उम्र 25 से 30 साल के बीच है। हर व्यक्ति के औसतन 707 फॉलोअर्स हैं।