5 Dariya News

जहांगीरपुरी में गले मिले हिंदू-मुसलमान, तिरंगा यात्रा निकाल कर लगाए भारत माता की जय के नारे

जहांगीरपुरी में दो दिनों से हालात कुछ सामान्य नजर आ रहे हैं। हनुमान जयंति के दिन हुई हिंसा ने पूरे देश में टेंशन का माहौल बना दिया था। लेकिन रविवार को वहां भाईचारा बनाए रखने के लिए दोनों समुदाय के लोगों ने मिलकर तिरंगा यात्रा निकाली।

5 Dariya News

दिल्ली 25-Apr-2022

जहांगीरपुरी में दो दिनों से हालात कुछ सामान्य नजर आ रहे हैं। हनुमान जयंति के दिन हुई हिंसा ने पूरे देश में टेंशन का माहौल बना दिया था। लेकिन रविवार को वहां भाईचारा बनाए रखने के लिए दोनों समुदाय के लोगों ने मिलकर तिरंगा यात्रा निकाली। जहांगीरपुरी के कुशल चौक से शुरू हुई ये तिरंगा यात्रा आजाद चौक पर खत्म हुई। यात्रा में शामिल लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। लोगों ने अपने घर की छतों से तिरंगा यात्रा पर फूल बरसाए।

DCP नॉर्थ वेस्ट दिल्ली उषा रंगनानी ने जानकारी दी कि दो दिन पहले मीटिंग में दोनों समुदायों की तरफ से तिरंगा यात्रा निकालने की मंजूरी मांगी गई थी। यात्रा में दोनों समुदायों लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई थी वहीं इसी दौरानन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए थे।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में तय जगहों से यह यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा जहांगीरपुरी के कुशल चौक से शुरू हुई और जिस जामा मस्जिद के सामने पथराव हुआ था, वहां से होते हुए आजाद चौक पर खत्म हुई। यात्रा में करीब 50 लोगों के शामिल होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन कहीं ज्यादा लोग शामिल हुए।

अंसार हिंसा का मुख्य आरोपी

ED ने जहांगीरपुरी हिंसा के मुख्य आरोपी अंसार शेख और अन्य संदिग्धों की संपत्तियों की जांच के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का मामला भी दर्ज किया है। दरअसल, पुलिस के मुताबिक शेख को हिंसा के लिए विदेश से फंडिंग होने आशंका है। उसके पास पश्चिम बंगाल के हल्दिया में एक बड़ी हवेली भी है, जिसके बाद संपत्तियों की जांच की जा रही है।

बुलडोजर पर सुप्रीम कोर्ट की रोक

दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके के रहवासियों को राहत देते हुए गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया था। कोर्ट ने नई दिल्ली नगर निगम (NMCD) की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई पर रोक को बरकरार रखते हुए अगले आदेश तक कोई कार्रवाई नहीं करने को कहा था। इस मामले पर सुनवाई दो हफ्ते बाद की जाएगी।

क्या है जहांगीरपुरी मामला- 

जहांगीरपुरी में शनिवार को यानी हनुमान जयंती के दिन शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों में पथराव हुआ। इस मामले में पुलिस ने संदेह जताया कि बवाल के दौरान फायारिंग की गई। डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट उषा रंगनानी ने बताया कि उपद्रवी भीड़ ने पुलिस को भी नहीं बख्शा। इस घटना में 8 पुलिसकर्मी सहित 9 लोग घायल हुए। सब-इंस्पेक्टर को गोली लगी है। इस पूरे मामले में पुलिस ने 14 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था।

सभी गलत धंधे करता है अंसार

लोगों की माने तो अंसार कबाड़ी का काम करता है। जहांगीरपुरी में उसका 5 मंजिला घर है। अंसार पर पुलिस के डोजियर में कहा गया है कि वह इलाके में अवैध शराब और जुआ रैकेट चलाता है। अंसार को पुलिस कई बार गिरफ्तार कर चुकी है। 2013 में उसे नशे की हालत में एक महिला के घर में घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।