5 Dariya News

बच्चे खेल-खेल में पत्थर ना चला दें, इसलिए जुमे की नमाज में बच्चे ना आएं: मस्जिद कमेटी का ऐलान

जहांगीरपुरी में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के बाद देश की राजनीति गरमा गई है। हर पार्टी के नेता जहांगीरपुरी पहुंच रहे हैं और अपनी राजनीति चमाकाने का काम कर रहे हैं।

5 Dariya News

दिल्ली 22-Apr-2022

जहांगीरपुरी में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के बाद देश की राजनीति गरमा गई है। हर पार्टी के नेता जहांगीरपुरी पहुंच रहे हैं और अपनी राजनीति चमाकाने का काम कर रहे हैं। वहीं इसी बीच  जहांगीरपुरी की जामा मस्जिद से ऐलान किया गया है कि आज जुमे की नमाज के लिए छोटे बच्चे मस्जिद न आएं। बताया जा रहा है कि ये ऐलान ऐहतियातन किया गया है ताकि कोई बच्चा गलती से खेल-खेल में कहीं किसी पर भी पत्थर वगैरह न फेंक दे और उससे बखेड़ा खड़ा हो जाए। मस्जिद की ओर से शांतिपूर्वक जुम्मे की नमाज पढ़ने का ऐलान किया गया है।

मस्जिद प्रबंधन ने आज शुक्रवार (22 अप्रैल 2022) को होने वाली जुमे की नमाज़ में बच्चों को न आने के लिए कहा है। उधर दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कुछ क्षेत्रों में अभी भी बुलडोजर की कार्रवाई जारी रखने की मांग की है।

फिलहाल जहांगरीपुरी में मौके पर मस्जिद के आस-पास पुलिस और पैरामिलिट्री के जवानों के साथ-साथ मीडियकर्मियों भी मौजूद हैं। भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिल्ली के पूर्वी और दक्षिणी मेयर को अतिक्रमण के खिलाफ पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने कुछ क्षेत्रों के नाम देकर वहां बुलडोजर की कार्रवाई जारी रखने की मांग की है।

आदेश गुप्ता के मुताबिक, दिल्ली में अतिक्रमण ज्यादातर बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों ने किया है। इन सभी को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल का संरक्षण प्राप्त है। यह अतिक्रमण लगभग 8 साल पुराना है। 20 अप्रैल 2022 (बुधवार) को जारी हुए इस पत्र में आदेश गुप्ता ने अतिक्रमण करने वालों को असामाजिक तत्व कहा है।

एक अन्य ट्वीट में आदेश गुप्ता ने दिल्ली में रोहिंग्या और बांग्लादेशी समस्या के लिए कॉन्ग्रेस पार्टी को दोषी ठहराया है। उनके मुताबिक घुसपैठियों का भरण पोषण मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल कर रहे हैं। दिल्ली में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। इन्हें भगाने के लिए भाजपा आंदोलन करेगी।

ये है जहांगीरपुरी हिंसा मामला?

जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार को हनुमान जयंती शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच संघर्ष हो गया था जिसमें आठ पुलिस कर्मी और एक स्थानीय शख्स जख्मी हो गया था। पुलिस के मुताबिक, संघर्ष के दौरान पथराव और आगजनी की घटनाएं हुई थी और गाड़ियों को भी जला दिया गया था।