5 Dariya News

पार्थिबन की 'इराविन निजाल' से प्रभावित हुए एआर रहमान

5 Dariya News

चेन्नई 20-Mar-2022

अभिनेता-निर्देशक पार्थिबन की आने वाली फिल्म 'इराविन निजाल' के लिए संगीत दे रहे ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान, फिल्म में पार्थिबन की भूमिका से प्रभावित हैं। उन्होंने अभिनेता को एक बहुत ही दिलचस्प कलाकार कहा है। निर्देशक राधाकृष्णन पार्थिबन की फिल्म का रन-टाइम 100 मिनट है और यह दुनिया की पहली गैर-रेखीय सिंगल-शॉट फीचर फिल्म है। अब तक, सिनेमा की दुनिया में, एकल शॉट फिल्मों की पटकथा एक कहानी में आने वाली या रैखिक घटनाओं पर आधारित होती है। 'इराविन निजाल' (शैडो ऑफ द नाइट) दुनिया की पहली नॉन-लीनियर सिंगल-शॉट फीचर फिल्म होगी। शनिवार को प्रख्यात निर्देशक मणिरत्नम ने 'इराविन निजाल' का पहला मोशन पोस्टर जारी किया।

मोशन पोस्टर में ए.आर. रहमान फिल्म पर अपने विचार साझा करते नजर आ रहे हैं। रहमान ने कहा कि मैं पार्थिबन सर से बहुत पहले मिला था और हम 'येलेलो' नामक एक फिल्म पर काम करने वाले थे। हांलाकि ऐसा नहीं हो पाया। यह एक बहुत ही दिलचस्प पटकथा थी। इसलिए, जब वह इस फिल्म को लेकर आए, तो मैं बहुत उत्सुक था और मैंने कहा, चलो यह फिल्म करते हैं। पार्थिबन को एक बहुत ही भावुक फिल्म निर्माता और अभिनेता बताते हुए, रहमान ने कहा कि मैं सिनेमा के प्रति उनके जुनून और नई चीजों, नए शब्दों और नए विचारों को आजमाने के खुलेपन से प्रभावित हुआ हूं।